दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट पर बवाल, एमएनएस ने रद्द करने की मांग की
मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। एमएनएस ने दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट के रद्द करने की मांग की। एमएनएस के नेता दिनेश पुंडे ने आईएएनएस के साथ बातचीत में इस मुद्दे पर अपनी राय रखी। उनका कहना है कि मुंबई में जितने भी कॉन्सर्ट होते हैं, उसके खिलाफ वे पिछले कई सालों से आवाज उठाते आ रहे हैं।
उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, "इन कॉन्सर्ट के खिलाफ हमने पिछले साल भी आवाज उठाई थी। आपने पिछले साल भी पढ़ा होगा या सुना होगा कि गोरेगांव और निस्को में ड्रग्स के ओवरडोज की वजह से तीन बच्चों की मौत हो गई थी, तो कई सालों से हम लोग इस विषय पर आवाज उठा रहे हैं। इस साल भी हमने इवेंट शुरू होने से पहले ही प्रशासन को पत्र लिखा था कि आप यहां पर कोई भी कॉन्सर्ट मत किजिए लेकिन फिर भी आखिरी रविवार यहां पर कॉन्सर्ट हुआ। नारकोटिक डिपार्टमेंट को वहां पर 12 बच्चे ड्रग्स सेवन करते हुए मिले। मेरा कहना है कि अगर आपको मालूम है कि वहां पर ड्र्ग्स सेवन होता है, तो कॉन्सर्ट के लिए परमिशन क्यों देते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "दिलजीत के कॉन्सर्ट के एक-दो दिन पहले बम से उड़ाने की धमकी भी आई थी। आज इस कॉन्सर्ट में सिर्फ 25 लोग आने वाले हैं। इसमें अगर कुछ हादसा हुआ तो, जिम्मेदारी कौन लेगा पुलिस या फिर बीएमसी। इन सब मामलों की बात करने के लिए हम लोग पुलिस स्टेशन जा रहे हैं। हम पुलिस स्टेशन जाएंगे और उनसे बातचीत करेंगे कि आप लोग आज का कॉन्सर्ट मत होने दीजिए और आगे भी हम प्रयास करेंगें कि किसी भी प्रकार का कॉन्सर्ट न हो।"
उन्होंने आगे पुलिस से हुई बातचीत के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, "हमारी पुलिस वालों से बात हुई है, तो उन्होंने हमसे कहा है कि कॉन्सर्ट के लिए तैयारी पूरी तरह से हो गई है और कॉन्सर्ट वालों का रुपया अटक गया है और लोग भी आने के इच्छुक हैं, तो आप इस बार विरोध प्रदर्शन मत कीजिए। हम लोग अगली बार कॉन्सर्ट के लिए परमिशन नहीं देंगे। ऐसा पुलिस का कहना है और मुझे उन पर पूरा भरोसा है। एक बार मुझे पुलिस से बात करने दीजिए, फिर मैं आपको सारी बातें बताऊंगा।"
उन्होंने कहा कि हो सकता है कि बड़ी तादाद में लोग नशे का सेवन करें। उन्होंने कहा, "इस बार भी कॉन्सर्ट में लोग और बच्चे शराब और ड्रग्स का सेवन करेंगे लेकिन प्रशासन को हमारी बात झूठी करने के लिए इसे छिपाना होगा। इसके पहले भी कॉन्सर्ट में बच्चों के सेवन करने के वीडियो देखे गए थे।"
उन्होंने आगे दिलजीत का समर्थन करते हुए कहा, "अगर कॉन्सर्ट में ड्र्ग्स का सेवन करने के बारे में पता चला, तो कॉन्सर्ट ऑर्गनाइजर के खिलाफ कार्यवाही की जाए क्योंकि दिलजीत तो कलाकार है, उन्हें जहां काम करने के लिए बोला जाएगा, वे करेंगे। जो कॉन्सर्ट करते हैं, उन्हें हमारे युवा बच्चों के बारे में कुछ पड़ी ही नहीं है। हमने यह भी मांग की है कि हमारे स्थानीय बच्चों पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। इसकी वजह से आप कॉन्सर्ट मत रखिए और इसे मुंबई के बाहर रखें।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम