दिलीप ट्रॉफी: तिलक वर्मा संभालेंगे साउथ जोन की कमान; रिकी भुई बने उप-कप्तान
विशाखापत्तनम, 2 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय टी20 टीम के उप-कप्तान तिलक वर्मा को आगामी दिलीप ट्रॉफी के लिए साउथ जोन की 15 सदस्यीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। यह टूर्नामेंट 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में खेला जाएगा।
आंध्र के बल्लेबाज रिकी भुई टीम के उप-कप्तान होंगे, जबकि आंध्र के अनुभवी लेवल 2 कोच एमएन विक्रम वर्मा को हेड कोच नियुक्त किया गया है।
तिलक हाल ही में उस भारतीय टी20 टीम का हिस्सा थे, जिसने जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया था। हालांकि, इससे पहले उन्हें बतौर कप्तान आयरलैंड दौरे पर 0-2 और इंग्लैंड दौरे पर 0-4 से टी20 सीरीज गंवानी पड़ी थी।
सिलेक्शन कमेटी की बैठक आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) के सचिव सना सतीश बाबू ने बुलाई थी। आंध्र के पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी आरवी चंद्रमौली प्रसाद ने सिलेक्शन पैनल की अध्यक्षता की। बैठक में तमिलनाडु, कर्नाटक, हैदराबाद, गोवा, पुडुचेरी और केरल जैसी सभी सात दक्षिणी राज्य इकाइयों के प्रतिनिधि शामिल थे।
टीम में अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर के साथ-साथ कर्नाटक के आर स्मरण और हैदराबाद के हिमातेजा जैसे होनहार खिलाड़ी भी शामिल हैं। शेख रशीद को भी इस टीम में शामिल किया गया है। रशीद श्रीलंका 'ए' को 1-0 से हराने वाली भारत 'ए' टीम का हिस्सा थे, उन्हें भी टीम में शामिल किया गया है। इसके साथ ही गोवा के बल्लेबाज अभिनव तेजराना भी टीम का हिस्सा हैं। तमिलनाडु के एन. जगदीसन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पिछले सीजन में फाइनल तक पहुंचने के कारण, साउथ जोन को सेमीफाइनल में सीधे एंट्री मिली है। ये टीम 30 अगस्त को बीसीसीआई सीओई ग्राउंड 2 पर क्वार्टरफाइनल 2 के विजेता के विरुद्ध अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
लेफ्ट-आर्म स्पिनर तनाय त्यागराजन और लेग-स्पिनर श्रेयस गोपाल स्पिन-बॉलिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि के साई तेजा, त्रिपुरना विजय, विद्वथ कावेरप्पा और एमडी निधीश तेज गेंदबाजी विभाग को संभालेंगे।
साउथ जोन की टीम: एन तिलक वर्मा (कप्तान), रिकी भुई (उप-कप्तान), अभिनव तेजराना, शेख रशीद, केएम हिमातेजा, आर स्मरण, एन. जगदीसन (विकेटकीपर), करुण नायर, तनाय त्यागराजन, श्रेयस गोपाल, के. साई तेजा, टी. विजय, विद्वथ कावेरप्पा, एच. अमन खान और एमडी निधीश।
--आईएएनएस
आरएसजी