×

डिजिटल पेमेंट के नाम पर मुंबई में धोखाधड़ी, फर्जी फोन पे स्क्रीन दिखाकर ठगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

 

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई के दहिसर इलाके में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें मोबाइल ऐप के जरिए दुकानदार को ठगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना डिजिटल पेमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच लोगों को सतर्क रहने की एक अहम चेतावनी भी दे रही है।

दहिसर पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर खुद को “फोन पे” जैसे डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म का उपयोगकर्ता बताते थे। वे दुकानदारों को यह विश्वास दिलाते थे कि उन्होंने पैसे ट्रांसफर कर दिए हैं, जबकि वास्तव में कोई लेन-देन नहीं होता था।

जानकारी के अनुसार घटना 23 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 4:30 बजे की है, जब दहिसर पूर्व स्थित एक पान की दुकान पर दो युवक पहुंचे। उन्होंने दुकानदार से 4 हजार रुपये ट्रांसफर करने की बात कही और भरोसा दिलाया कि वे तुरंत मोबाइल ऐप के जरिए भुगतान कर देंगे। आरोपियों ने क्यूआर कोड स्कैन कर अपने मोबाइल में फर्जी ट्रांजैक्शन दिखाया और दुकानदार को 3 हजार और फिर 1 हजार रुपये की पेमेंट होने का नकली मैसेज भी दिखाया।

इसके बाद आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी की मदद से दुकानदार से 4 हजार रुपये नकद ले लिए। हालांकि, कुछ ही देर बाद जब दुकानदार के मोबाइल पर पैसे आने का कोई संदेश नहीं आया, तो उसे शक हुआ। उसने आरोपियों से ट्रांजैक्शन हिस्ट्री दिखाने को कहा, लेकिन वे मौके से भागने लगे।

दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में दहिसर पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी इसी तरह कई दुकानदारों को निशाना बनाने की फिराक में थे। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने और कितने लोगों को इस तरह ठगा है।

पुलिस ने आम लोगों और खासकर छोटे व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी डिजिटल भुगतान को स्वीकार करने से पहले अपने बैंक खाते में पैसे आने की पुष्टि जरूर करें। केवल स्क्रीनशॉट या मैसेज पर भरोसा न करें, क्योंकि इस तरह के फर्जीवाड़े के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम