राहुल-प्रियंका के बीच मतभेद? BJP का दावा- कांग्रेस में बने दो गुट, वीडियो में संबित पात्रा बोले- बहन को आगे बढ़ने से रोक रहे राहुल
कांग्रेस में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच राजनीतिक मतभेदों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा दावा किया है। भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर दो गुट बन चुके हैं और इसकी वजह राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी के बीच मतभेद हैं। भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को INDIA ब्लॉक के दो महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रमों में बोलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी को डर है कि प्रियंका को पार्टी में आगे बढ़ाने से उनका अपना राजनीतिक कद पीछे हो सकता है?
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रियंका गांधी दोनों राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान नाखुश दिखाई दीं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से भाजपा के इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
INDIA ब्लॉक के दोनों कार्यक्रमों में नहीं बोलीं प्रियंका
दरअसल, INDIA ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताने के लिए शनिवार को मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में विपक्षी दलों के कई नेताओं ने हिस्सा लिया। इसके बाद रविवार को इसी मुद्दे पर दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली आयोजित की गई।इन दोनों कार्यक्रमों में प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने किसी भी मंच से भाषण नहीं दिया। इसी बात को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों पर सवाल उठाए हैं।
संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर लगाए आरोप
संबित पात्रा ने अपने वीडियो में कहा कि प्रियंका गांधी मॉक पार्लियामेंट और रामलीला मैदान की रैली के दौरान नाखुश नजर आईं। उन्होंने सवाल किया कि क्या गांधी परिवार के भीतर ही कोई राजनीतिक खेल चल रहा है?पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को इस बात का डर है कि अगर प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी में एक बड़े नेता के रूप में आगे बढ़ाया गया तो उनका अपना राजनीतिक प्रभाव कम हो सकता है।उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसी वजह से प्रियंका गांधी को दोनों कार्यक्रमों में बोलने का अवसर नहीं दिया गया? भाजपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि गांधी परिवार में प्रियंका गांधी का राजनीतिक हक छीना जा रहा है।
कांग्रेस की ओर से नहीं आया जवाब
भाजपा के इन आरोपों के बाद कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया है। प्रियंका गांधी ने भी दोनों कार्यक्रमों में भाषण नहीं देने को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।गौरतलब है कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड से सांसद हैं। दोनों भाई-बहन कांग्रेस की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।फिलहाल भाजपा के आरोपों ने कांग्रेस और गांधी परिवार के भीतर नेतृत्व तथा राजनीतिक भूमिका को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि, राहुल और प्रियंका गांधी के बीच मतभेद होने या कांग्रेस में दो गुट बनने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।