धवल पटेल का कांग्रेस पर तीखा हमला, कहा- खड़गे ने जानबूझकर किया गुजरात का अपमान
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा सांसद धवल पटेल ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर कड़ा हमला किया है। उनका कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का गुजरात और गुजरातियों के बारे में दिया गया बयान कोई गलती या 'स्लिप ऑफ टंग' नहीं था, बल्कि पूरी तरह से सोच-समझकर और रणनीति के तहत दिया गया था। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस के नेता गुजरातियों का अपमान कर रहे हैं।
धवल पटेल ने बताया कि केरल में मल्लिकार्जुन खड़गे ने जानबूझकर गुजरातियों को अनपढ़ और मूर्ख बताने वाले बयान दिए। यह पहली बार नहीं है कि कांग्रेस ने ऐसा बयान दिया हो। असम और उत्तर प्रदेश में भी ऐसा ही हुआ था। उनका कहना है कि यह बयान सिर्फ गुजरातियों को ही नहीं अपमानित करता, बल्कि महात्मा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे महान नेताओं के योगदान को भी बदनाम करने का काम करता है। गुजरात ने देश की आज़ादी में अहम भूमिका निभाई है, लेकिन कांग्रेस इसे नजरअंदाज कर अपमानित करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपने बयान से गुजरात और देश के लोगों के बीच भ्रम और गलत संदेश फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। पूरी रणनीति यही है कि गुजरात की छवि को नुकसान पहुंचाया जाए और कांग्रेस की राजनीतिक पकड़ मजबूत हो। धवल पटेल ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस की मंशा कभी सफल नहीं होगी, क्योंकि अब पूरा भारत जान गया है कि कांग्रेस का असली चेहरा क्या है।
सांसद ने यह भी कहा कि गुजरात के लोग इस अपमान को सहन नहीं करेंगे और उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध शुरू कर दिया है। जैसे ही गुजरात में कांग्रेस की असलियत सबके सामने आई, आने वाले समय में पूरे भारत में भी लोग इसके खिलाफ जागरूक होंगे। धवल पटेल ने जोर देकर कहा कि गुजरातियों की ताकत और योगदान को कोई भी छोटा नहीं समझ सकता और कांग्रेस की ये चालें बेअसर साबित होंगी।
गौरतलब है कि गुजरात के लोगों ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा गुजरात और वहां के लोगों के खिलाफ कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों का विरोध कर रहे हैं।
इस दौरान एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "गुजराती पढ़े-लिखे और मेहनती होते हैं और इसीलिए वे सफल हो रहे हैं। जो लोग गुजरातियों को बुरा-भला कह रहे हैं, वे गलत हैं। गुजराती शिक्षित हैं और इसीलिए वे देश की प्रगति में योगदान दे रहे हैं।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस