×

धराली आपदा से बना रिश्ता: अहमदाबाद की बहन ने सीएम धामी को भेजी राखी

 

देहरादून, 2 सितंबर (आईएएनएस)। रक्षाबंधन का त्योहार भले ही बीत गया हो, लेकिन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए अहमदाबाद से आया एक भावुक तोहफा चर्चा का विषय बना हुआ है। अहमदाबाद की रहने वाली धनगौरी बरोलिया ने सीएम धामी को राखी और एक भावुक पत्र भेजा है, जिसके साथ धराली आपदा का एक मार्मिक किस्सा जुड़ा है।

दरअसल, यह कहानी पिछले साल की है। पिछले साल रक्षाबंधन के मौके पर धनगौरी बरोलिया उत्तराखंड घूमने आई थीं। इसी दौरान उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई और वह वहीं फंस गईं। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था। इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित धराली का दौरा करने पहुंचे और वहां फंसे लोगों से मिलकर उनका हालचाल लिया और हौसला बढ़ाया।

इसी दौरान धनगौरी की भी सीएम धामी से मुलाकात हुई। धनगौरी ने अपने पत्र में उस पल को याद करते हुए लिखा है कि उस समय रक्षाबंधन बिल्कुल नजदीक था। सीएम धामी ने उनसे बातचीत के दौरान बड़े ही स्नेह से कहा कि अगर उनके पास राखी है तो वो उन्हें बांध सकती हैं। उस आपदा की घड़ी में धनगौरी के पास राखी तो नहीं थी, लेकिन उन्होंने बिना देर किए अपने दुपट्टे का एक छोटा सा टुकड़ा फाड़ा और उसे ही राखी मानकर सीएम धामी की कलाई पर बांध दिया।

धनगौरी ने पत्र में लिखा, "उसी दिन से मैंने आपको अपना भाई मान लिया था। वो पल आज भी मेरे लिए बेहद खास और अविस्मरणीय है।" उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग का जिक्र करते हुए लिखा कि जैसे संकट के समय में श्रीकृष्ण द्रौपदी के लिए सहारा बने थे, वैसे ही उस कठिन घड़ी में आप हमारे लिए सहारा बने और फंसे हुए लोगों का हौसला बढ़ाया।

इस साल रक्षाबंधन पर धनगौरी अहमदाबाद में हैं, लेकिन उन्होंने अपने भाई को याद करना नहीं भुलाया। उन्होंने डाक के जरिए सीएम धामी के लिए राखी भेजी और पत्र के अंत में उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी