धनबाद में जमीन विवाद में शख्स की धारदार हथियार से हत्या
धनबाद, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले में जमीन विवाद को लेकर 45 वर्षीय व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार सुबह बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के घोसकोडीह गांव के पास हुई। मृतक की पहचान दौलतराम महतो के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप गांव के ही दो लोगों पर लगाया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, दौलतराम सोमवार सुबह करीब सात बजे बाइक से राजगंज की ओर जा रहे थे। गांव में एक श्राद्ध कार्यक्रम के लिए जरूरी सामान लाने के सिलसिले में वह घर से निकले थे। घर से करीब 600 मीटर दूर घोसकोडीह के पास कथित तौर पर पहले से घात लगाए बैठे त्रिवेणी महतो और उनके भाई सूर्यकांत महतो ने उन्हें रोक लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण दौलतराम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी कथित तौर पर बाइक से फरार हो गए। उस समय वहां से गुजर रहीं दो महिलाओं ने वारदात देखी और गांव लौटकर लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में पहले भी बरवाअड्डा थाने में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। विवाद सुलझाने के लिए गांव में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके