धनबाद की कोलियरी में स्लरी लोडिंग के दौरान मलबा धंसा, चार मजदूरों की मौत
धनबाद, 2 मई (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के पश्चिमी झरिया क्षेत्र स्थित मुनीडीह कोल वाशरी में एक भीषण हादसे में स्लरी लोडिंग के दौरान मलबा धंसने से चार दिहाड़ी मजदूरों की दबकर मौत हो गई। यह घटना शनिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे की है, जब लोडिंग पॉइंट पर 7 से 10 मजदूरों की एक टोली मैन्युअल तरीके से ट्रक में वाश कोल डस्ट (स्लरी) लोड कर रही थी।
इसी दौरान स्लरी का विशाल ढेर भरभराकर मजदूरों पर गिर पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ और वाशरी प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
अब तक मलबे से तीन मजदूरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य लापता मजदूर की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मृतकों की पहचान गोपीनाथडीह निवासी माणिक बाउरी (45) व दिनेश बाउरी (52), समशिखरा निवासी दीपक बाउरी (50) और रुदी कपूरिया निवासी मोड़ा गोप (59) के रूप में हुई है।
इस भयावह हादसे में गोपीनाथडीह की सुनीता देवी बाल-बाल बच गईं, जो मलबे से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहीं। वर्ष 1983 में स्थापित और लगभग 1.6 मिलियन टन प्रति वर्ष की क्षमता वाली इस वाशरी में हुए हादसे ने सुरक्षा प्रोटोकॉल और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि स्लरी लोडिंग जैसे जोखिमपूर्ण कार्य के दौरान मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम और अधिकारियों की निगरानी की भारी कमी थी। फिलहाल, मुनीडीह ओपी सहित पुटकी और भागाबांध थाना की पुलिस मौके पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है, वहीं हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी