☰
×

देवास के सनसिटी में विवाद के दौरान दो युवकों पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में इंदौर रेफर

 

देवास, 11 नवंबर (आईएएनएस)। देवास शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत सनसिटी में विवाद के दौरान दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान सूरज (21), निवासी बावरिया और प्रियांशु (19), निवासी चाणक्यपुरी मल्टी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सनसिटी क्षेत्र में किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चाकूबाजी की घटना हो गई। इस दौरान सूरज और प्रियांशु घायल हो गए।

घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। घायलों में से एक युवक की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया। वहीं, दूसरे युवक का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विवाद किस बात को लेकर हुआ और चाकू से हमला किसने किया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।

औद्योगिक थाना प्रभारी अमित सोलंकी के अनुसार, सनसिटी में दो युवकों के घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विवाद की वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

उन्होंने बताया कि घायलों की जांच की जा रही है, डॉक्टर इनका इलाज कर रहे हैं, घायलों के परिजन भी आ गए हैं, उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएंगी और दोनों घायलों का इलाज जारी है।

डॉक्टर ने बताया कि हमारे पास लड़ाई में घायल दो मरीज आए थे। एक का नाम सूरज और दूसरे का नाम प्रियांशु है दोनों की उम्र लगभग 18 साल से अधिक है। इनका इलाज किया जा रहा है, एक की हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर किया गया है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम