×

देश में चाहे किसी भी पार्टी की सरकार हो, अब सच्चाई छिपाने का दौर खत्म हो चुका : मनोज झा

 

पटना, 23 अगस्त (आईएएनएस)। युवाओं से जुड़ने के लिए भाजपा के प्रस्ताव, महिलाओं के बराबर अधिकारों पर राहुल गांधी की टिप्पणी और अभिजीत दिपके के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने को लेकर राजद सांसद मनोज झा की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए भाजपा की ओर से 'वंदे मातरम' पर प्रस्ताव पास करने को लेकर राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, "इसे उस नजरिए से देखने की जरूरत नहीं है। आप उनसे सवाल करने वाले कौन होते हैं? इस प्रस्ताव पर सदन में भी विस्तार से चर्चा हुई थी। आप किस पर उंगली उठा रहे हैं? रवींद्रनाथ टैगोर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सुभाष चंद्र बोस पर? क्या आपने कभी उनके कद के बारे में सोचा है?"

मनोज झा ने कहा, "आप उनकी समझ पर सवाल उठा रहे हैं? और हां, आपके इस प्रस्ताव से बेरोजगारी कितनी जल्दी खत्म होगी? स्कूल कैसे बेहतर होंगे? अस्पताल और पब्लिक हेल्थ सिस्टम कैसे बेहतर होंगे? क्या आपकी चिंता यही है? क्या इन मुद्दों पर कोई प्रस्ताव लाया गया है?"

जेन-जी तक पहुंचने के लिए भाजपा की ओर से स्पेशल टीम बनाने पर राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, "कई कमेटियां बनाई गई हैं। कमेटी बनाना बहुत आसान है। पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एक कहावत है; कमेटी बनाने का मतलब ही यह है कि आप मुद्दे को टालने की कोशिश कर रहे हैं। युवाओं के संदेश को समझें। वे बेहतर शिक्षा व्यवस्था और ढांचा चाहते हैं। उन्हें रोजगार के लिए एक ठोस ब्लूप्रिंट और भरोसे की जरूरत है।"

अभिजीत दिपके पर एफआईआर को लेकर मनोज झा ने कहा, "देश में चाहे किसी भी पार्टी की सरकार हो, अब सच्चाई छिपाने का दौर खत्म हो चुका है। कुछ जगहों पर एक ही कमरे में दो क्लास चल रही हैं, तो कहीं-कहीं तीन क्लास भी एक साथ हो रही हैं। जो टीचर इंग्लिश पढ़ाते हैं, वे ही मैथ और सोशल साइंस भी पढ़ा रहे हो सकते हैं। अगर कोई प्राइमरी से लेकर हायर एजुकेशन तक की इन सच्चाइयों और जमीनी समस्याओं को सामने लाने की कोशिश कर रहा है, तो सरकार को ऐसे प्रयासों को दबाने या लोगों को डराने-धमकाने के बजाय उन्हें बढ़ावा देना चाहिए।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम