देश में बंद हुए स्कूलों में हर दूसरा स्कूल मध्य प्रदेश का : उमंग सिंघार
भोपाल, 9 जुलाई (आईएएनएस) मध्य प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने सवाल उठाए हैं और कहा है कि देश में बंद हुए स्कूलों में से हर दूसरा स्कूल मध्य प्रदेश का है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया है कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को इस कदर बर्बाद कर दिया है कि अब उसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है।
उन्होंने यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन (यूडीआईएसई) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा है कि देशभर में एक साल में 4,791 स्कूल बंद हुए, जिनमें से 2,426 स्कूल अकेले मध्यप्रदेश के हैं। यानी पूरे देश में बंद हुए हर दो स्कूलों में एक मध्यप्रदेश का है। देश में औसतन रोज़ 13 स्कूल बंद हो रहे हैं, जिनमें छह से सात स्कूल सिर्फ मध्यप्रदेश के हैं।
उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार का शिक्षा मॉडल ऐसा है, जहाँ स्कूल बंद हो रहे हैं, शिक्षकों की कमी बढ़ रही है और लाखों बच्चों का भविष्य ताले में बंद किया जा रहा है। जिन बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए थीं, उनकी शिक्षा ही छीन ली गई। नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा मंचों से ज्ञान, संस्कार और विकसित भारत की बातें करती है, लेकिन ज़मीन पर बच्चों से स्कूल छीन रही है। यह सिर्फ स्कूलों का बंद होना नहीं, बल्कि गरीब, आदिवासी और ग्रामीण बच्चों के भविष्य पर सुनियोजित हमला है।
नेता प्रतिपक्ष का आरोप है कि मध्यप्रदेश शिक्षा में नहीं, स्कूल बंद करने में नंबर एक बन गया है। भाजपा ने प्रदेश को शिक्षा का केंद्र नहीं, शिक्षा बंद करने की प्रयोगशाला बना दिया है। प्रदेश की जनता इस शिक्षा विरोधी सरकार से हर बंद हुए स्कूल का हिसाब लेकर रहेगी।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम