देश को बदनाम करने वालों को हिमाचल सरकार दे रही पनाह: सांसद अनुराग ठाकुर
नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश पुलिस और दिल्ली पुलिस के बीच हुए विवाद पर राजनीति भी तेज हो गई है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को बदनाम करने वालों को हिमाचल में पनाह दी जा रही है।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, "हिमाचल, जिसके युवा देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सेना में अपना बलिदान देते हैं, वहां की कांग्रेस सरकार अब देश को बदनाम करने वालों को बचा रही है। जब दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने वहां जाती है, तो उन्हें रोक दिया जाता है। इस तरह का व्यवहार सही नहीं है; सबको पता है कि ये काम किसके इशारे पर हो रहा है।"
अनुराग ठाकुर ने कहा, "पुलिस के पास दूसरे राज्य में जाकर नियमों के हिसाब से गिरफ्तारी करने का अधिकार है। अगर किसी के खिलाफ इस तरह की शिकायत दर्ज होती है, तो दिल्ली पुलिस ने अपना काम किया है। हिमाचल सरकार से मेरी बस यही रिक्वेस्ट थी कि आपने देश को बदनाम करने वालों को पनाह देने के लिए दिल्ली में हिमाचल सदन का इस्तेमाल किया।"
भाजपा सांसद ने कहा, "कांग्रेस ने देश के अंदर और बाहर देश की इमेज खराब करने का काम किया है। कांग्रेस को देश में हो रहा विकास और निवेश पसंद नहीं है। एआई इम्पैक्ट समिट में उनका खुला प्रोटेस्ट भारत के खिलाफ था, किसी पार्टी या सरकार के खिलाफ नहीं। यहां दुनिया भर से लोग मौजूद थे। इसकी जांच होनी चाहिए और उन्हें इसके लिए सजा मिलनी चाहिए। यह दुख की बात है कि इन सभी आरोपियों ने हिमाचल प्रदेश भवन में पनाह ली और पूरी राज्य पुलिस उन्हें सुरक्षा दे रही थी।"
उन्होंने कहा, "हिमाचल प्रदेश के युवाओं को एक ऐसा प्लेटफॉर्म मिलना चाहिए जहां वे पॉलिटिकल स्किल्स सीख सकें, सेवा की भावना विकसित कर सकें और यह समझ सकें कि पॉलिसी-मेकिंग और प्रोग्राम्स को जमीन पर कैसे लागू किया जाता है। युवाओं को स्कीम्स कैसे काम करती हैं, इसका अनुभव हासिल होना चाहिए। हमने ‘युवा चेंज मेकर्स’ नाम का एक प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जिसमें 20 दिनों के अंदर लगभग 8,000 से 9,000 युवाओं ने रजिस्टर किया है।"
अनुराग ठाकुर ने कहा, "भारत की टेक्नोलॉजिकल तरक्की बर्दाश्त नहीं की जा रही है। कांग्रेस युवाओं को नौकरी नहीं देना चाहती। इसीलिए इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर वे टेक्नोलॉजी का विरोध करते हैं, तरक्की का विरोध करते हैं और भारत का विरोध करते हैं। राहुल गांधी जो नफरत की राजनीति फैला रहे हैं - यह नफरत सिर्फ पीएम मोदी या भाजपा के खिलाफ नहीं है, यह नफरत भारत के खिलाफ है।"
--आईएएनएस
एसएके/डीएससी