'देश की स्थिति और भयानक होगी', कस्टम ड्यूटी बढ़ाने पर कांग्रेस नेता की चेतावनी, साधा सरकार पर निशाना
लखनऊ, 13 मई (आईएएनएस)। सोने और चांदी समेत अन्य बहुमूल्य धातुओं पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाए जाने पर कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश चिंताजनक स्थिति में है और सरकार एक दिन लॉकडाउन भी लगा सकती है।
कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह अभी शुरुआत है। 5 राज्यों के चुनाव खत्म हो चुके हैं। अब केंद्र सरकार ने अर्थव्यवस्था को इस रूप में लाकर खड़ा कर दिया है कि धीरे-धीरे स्थिति और भी भयानक होगी। यह प्रयोग भाजपा सरकार करती है, इससे देश में घबराहट की स्थिति है। लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि अब क्या करें।"
पीएम मोदी की अपील पर उन्होंने कहा, "यह एक बड़ा संकेत है, जो कोरोना काल की याद को ताजा करता है। हो सकता है कि सरकार किसी भी दिन लॉकडाउन लगा दे। कहीं न कहीं देश चिंताजनक स्थिति में है।"
भाजपा को जवाब देते हुए अजय कुमार लल्लू ने कहा, "भाजपा पहले कहती थी कि 'देश में किसी भी चीज का संकट है। हम चौथी अर्थव्यवस्था के दौर से गुजर रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री विश्व गुरु हैं।' लेकिन क्या वे 'गुरु' इसीलिए बने कि देश की स्थिति को गिराने का काम करें और लोगों को खाना भी एक समय ही खाने के लिए कह दें?"
नीट पेपर लीक मामले पर कांग्रेस नेता ने कहा कि 7 साल में 70 पेपर लीक हुए हैं। यह महज दुर्भाग्य नहीं है, कहीं न कहीं देश का पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ और उनके जीवन को अंधकार की ओर ले जाने का काम सरकार कर रही है।
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी लगातार इस बात पर जोर देते रहे हैं कि शिक्षा का व्यवसायीकरण नहीं किया जाए। आज शिक्षा को बाजारों में बेचा जा रहा है। 2021 से लेकर 2026 तक, कोई भाजपा शासित राज्य नहीं, जहां पेपर लीक नहीं हुए हों। धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए और अपना इस्तीफा देना चाहिए। सिर्फ जांच कराने और छोटे लोगों को जेल भेजने से कुछ नहीं होगा, क्योंकि बड़े खिलाड़ी अभी भी बाहर हैं और उन्हें मंत्री का संरक्षण प्राप्त है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/