☰
×

देश की मातृशक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा ही मिलेगा : अमित शाह 

 

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि देश की मातृशक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा ही मिलेगा, यह हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि इस देश की मातृशक्ति को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

नई दिल्ली में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, "106वां संविधान संशोधन, जिसमें 33 प्रतिशत मातृशक्ति को संसद और विधानसभाओं में आरक्षण देने का काम करेंगे। कांग्रेस पार्टी इसको रोककर बैठी है। मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि भाजपा और हमारे नेता नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि इस देश की मातृशक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा ही मिलेगा, आप हमें रोक नहीं सकते।"

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह संविधान निर्माताओं के सपनों और आकांक्षाओं को याद करने का दिन है। शाह ने कहा, "मेरा मानना है कि इन 80 वर्षों में हमारे देश के लोगों ने यह साबित कर दिया है कि भले ही 1949 में संविधान ने लोकतंत्र का ढांचा दिया, लेकिन हमारे देश की सभ्यता ने हजारों वर्षों से लोकतांत्रिक मूल्यों को संजोकर रखा है, जो अब संविधान के अनुच्छेदों के जरिए दिखाई देते हैं।"

उन्होंने कहा, "इन 80 वर्षों में हमारे संविधान, संवैधानिक संस्थाओं, शासन-व्यवस्था और लोकतंत्र के प्रति भरोसा बढ़ा है। संविधान का सम्मान करने के भी दो तरीके हैं। एक तरीका तो यह है कि जैसे हम सभी ने संविधान की एक किताब, एक पवित्र किताब के साथ आपका स्वागत किया, कोई इसे हाथ में उठाकर दिखा सकता है, कोई इसे अपनी जेब में रखकर लहरा सकता है और जनता के सामने पेश कर सकता है और दूसरा तरीका यह है कि संविधान ने जो कसौटियां तय की हैं, जो मानक निर्धारित किए हैं, एक व्यक्ति और एक राजनीतिक दल के रूप में उन मानकों पर खरा उतरा जाए।"

अमित शाह ने कहा, "हमारा संविधान स्वाधीनता सेनानियों के स्वप्नों और आकांक्षाओं का एक प्रतिबिंब है। आज नई दिल्ली में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह में संविधान निर्माताओं को नमन किया और संवैधानिक मूल्यों के प्रति देश के संकल्प को दोहराया।"

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "कांग्रेस की सरकारों द्वारा संविधान को केवल शासन चलाने की मार्गदर्शिका मानने का प्रयास हुआ और इसकी मूल भावना को जनता में मजबूत करने की प्रक्रिया को भुला दिया गया। वहीं मोदी जी ने संविधान दिवस मनाने की शुरुआत कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया।"

शाह ने कहा, "मोदी सरकार में संविधान के आदर्श केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार, गरिमा व समान अवसर सुनिश्चित करने का सशक्त आधार बने हैं। सरकार ने संविधान की भावना को जमीन पर उतारने का काम किया है। चाहे गरीबों को घर, शौचालय, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधा देना हो या फिर महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को अधिकार देना हो, हर योजना में संविधान के मूल्यों को केंद्र में रखा गया है।"

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी