देश के विकास से राहुल गांधी को कुछ भी लेना-देना नहीं है: दानिश आजाद अंसारी
लखनऊ, 26 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें देश के विकास से कुछ भी लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता को भ्रमित कर वे अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि को धूमिल करने का काम किया है।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर दिए बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी भाजपा का विरोध करते-करते भारत का विरोध करने लगी है। देश के प्रति जिस तरह का रवैया राहुल गांधी का है, वह ठीक नहीं है। राहुल गांधी संवेदनशील मुद्दों के प्रति भी गंभीर नहीं है, यह चिंताजनक है।
अखिलेश यादव के बयान पर मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का वजूद हाशिये पर है। इनकी स्थिति अपने करतूतों की वजह से है। सपा ने अपने कार्यकाल में जनता के साथ फरेब किया। उन्होंने जो कारनामे किए, इसी वजह से जनता के प्रति उनका विश्वास खत्म हो गया है। उन्होंने दावा किया कि तीसरी बार हम लोग सरकार बनाएंगे। 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर एनडीए जीत सुनिश्चित करेगी।
पीएम मोदी के दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बनने पर मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि देश का सफल नेतृत्व करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम वैश्विक स्तर पर बहुत बड़ा है। हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। दुनियाभर के बड़े देश प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए भारत का साथ दे रहे हैं।
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि भारत ने अपनी क्षमता साबित कर दी है। उसने दिखा दिया है कि अगर दुनिया प्रगति करना चाहती है, तो इसमें भारत की अहम भूमिका होगी। इन सभी कामों को करते हुए पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता हासिल की है। बड़े देशों और दुनिया के नेताओं का पीएम मोदी के प्रति दोस्ताना रवैये ने भारत की छवि पर सकारात्मक असर डाला है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के सबसे मजबूत नेता के तौर पर उभरे हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी