डीईआरसी भर्ती 2026 : कार्यकारी निदेशक समेत कई पदों पर आवेदन जारी, 56 वर्ष वालों के लिए खास मौका
नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए दिल्ली विद्युत नियामक आयोग (डीईआरसी) ने ग्रुप-ए में प्रतिनियुक्ति (अस्थायी) आधार पर कार्यकारी निदेशक समेत कई पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
डीईआरसी की ओर से जारी रिक्तियों में कार्यकारी निदेशक (टैरिफ) का 1, कार्यकारी निदेशक (इंजीनियरिंग) का 1, संयुक्त निदेशक (टैरिफ-वित्त) का 1, उप निदेशक (टैरिफ खाते और वित्तीय विश्लेषण) का 1, उप निदेशक (टैरिफ अर्थशास्त्र) का 1, उप निदेशक (सूचना-तकनीक) का 1 और सहायक निदेशक (सूचना-तकनीक) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे डीईआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कार्यकारी निदेशक (टैरिफ) के लिए अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/एमबीए (फाइनेंस) या इलेक्ट्रिकल/पावर इंजीनियरिंग या इसके समकक्ष विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री, कार्यकारी निदेशक (इंजीनियरिंग) के लिए इलेक्ट्रिकल/पावर इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट डिग्री या इसके समकक्ष योग्यता, संयुक्त निदेशक (टैरिफ-वित्त) के लिए फाइनेंस/अकाउंटेंसी/कॉमर्स में पोस्ट ग्रेजुएट या सीए/आईसीडब्ल्यूए, उप निदेशक (टैरिफ खाते और वित्तीय विश्लेषण) के लिए अकाउंटेंसी में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या इसके बराबर की योग्यता या क्वालिफाइड चार्टर्ड अकाउंटेंट या आईसीडब्ल्यूए या फाइनेंस में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री, उप निदेशक (टैरिफ अर्थशास्त्र) के लिए अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/एमबीए (फाइनेंस) या समकक्ष, उप निदेशक (सूचना-तकनीक) के लिए कंप्यूटर साइंस या संबंधित क्षेत्र में ग्रेजुएशन की डिग्री और सहायक निदेशक (सूचना-तकनीक) के लिए कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में इंजीनियरिंग ग्रेजुएट या एमसीए होनी चाहिए।
इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु सभी पोस्ट के लिए 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्ट-लिस्टिंग और स्किल टेस्ट/इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट की सैलरी पद अनुसार 56,100 से 2,18,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम