×

‘डेमोक्रेसी नहीं, डिक्टेटरशिप है', सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर भड़के कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल

 

मुंबई, 18 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाने पर गहरी आपत्ति जताई।

सोनम वांगचुक नीट पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर कई दिनों से अनशन पर थे। उनके स्वास्थ्य को लेकर विपक्षी नेताओं ने उनसे अनशन तोड़ने की अपील भी की थी। हालांकि, सोनम अनशन तोड़ने के समर्थन में नहीं थे।

मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान महाराष्ट्र कांग्रेस चीफ हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि लोकतंत्र में सत्याग्रह करने का अधिकार है और जब पेपर लीक होते हैं तो संबंधित मंत्रालय के मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। नीट पेपर लीक होने के बाद शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा क्यों नहीं दिया? जंतर-मंतर पर लोकतांत्रिक तरीके से जो प्रदर्शन चल रहा था, उस पर जबरन कार्रवाई हुई है।

उन्होंने कहा कि जो कुछ भी आज जंतर-मंतर पर हुआ, यह भारत को तानाशाही की ओर ले जाने का एक और कदम है। मैं इस पूरी कार्रवाई की कड़ी शब्दों में निंदा करता हूं।

उन्होंने कहा कि अगर डेमोक्रेटिक तरीकों से शुरू हुए आंदोलन भी सरकार को मंजूर नहीं हैं, तो यह साफ है कि इस देश में जो शुरू हुआ है वह डेमोक्रेसी नहीं, बल्कि डिक्टेटरशिप है। हमारे फेल शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेने के बजाय, सोनम वांगचुक को प्रोटेस्ट साइट से जबरदस्ती हटाकर हॉस्पिटल में भर्ती कराना, और प्रोटेस्ट करने वालों पर पुलिस फोर्स का इस्तेमाल करना, डेमोक्रेसी के खिलाफ है।

मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव के एक शादी वाले बयान पर सपकाल ने कहा कि बेरोजगारी, बार-बार पेपर लीक, हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित चिंताएं, महिलाओं के खिलाफ लगातार अत्याचार, और किसानों को उनकी फसलों के लिए उचित मूल्य नहीं मिलना जैसे गंभीर मुद्दे हैं। इसके बजाय, वे हर मामले में भारत बनाम पाकिस्तान लाते हैं, हर चीज में विभाजनकारी मुद्दे उठाते हैं, और ओबीसी से संबंधित राजनीति को सामने लाते रहते हैं।

दूसरी ओर, शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि आज जिस तरह से सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाया गया, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। ब्रिटिश शासन के दौरान भी ऐसा नहीं हुआ था। भाजपा हमारे देश में सबसे खराब तरह की तानाशाही लेकर आई है। हालांकि, उनमें यह कहने की हिम्मत नहीं है कि देश में इमरजेंसी लागू है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम