☰
×

दुनिया के सबसे महंगे बाजारों में शामिल हुआ दिल्ली का खान मार्केट, ग्लोबल लिस्ट में 24वें नंबर पर पहुंचा; जानें कितना है किराया

 

 

 

दिल्ली का मशहूर खान मार्केट दुनिया के सबसे महंगे रिटेल बाजारों की सूची में शामिल हो गया है। रियल एस्टेट सर्विस फर्म कुशमैन एंड वेकफील्ड की बुधवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, खान मार्केट को दुनिया के महंगे रिटेल मार्केट्स में 24वां स्थान मिला है। खास बात यह है कि इस ग्लोबल रैंकिंग में जगह बनाने वाला खान मार्केट भारत का एकमात्र रिटेल स्ट्रीट है।रिपोर्ट के अनुसार, खान मार्केट में दुकानों का किराया सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़ा है। यहां किराया करीब 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना पहुंच गया है। भारतीय मुद्रा में देखें तो यह लगभग 1,875 रुपये प्रति वर्ग फुट प्रति माह बैठता है।

न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू दुनिया का सबसे महंगा बाजार

कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट में न्यूयॉर्क के अपर फिफ्थ एवेन्यू को दुनिया की सबसे महंगी रिटेल स्ट्रीट का दर्जा दिया गया है। यहां किराये में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और यह सालाना 2,700 डॉलर प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गया है।

लंदन की न्यू बॉन्ड स्ट्रीट 2,230 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना किराये के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, इटली के मिलान स्थित विया मोंटेनापोलियोन 2,160 डॉलर प्रति वर्ग फुट के किराये के साथ तीसरे नंबर पर रहा।

खान मार्केट में क्या है खास?

दिल्ली का खान मार्केट देश के सबसे लोकप्रिय और प्रीमियम शॉपिंग बाजारों में गिना जाता है। यह अपनी U-आकार की दो मंजिला इमारतों, व्यवस्थित दुकानों और खास माहौल के लिए जाना जाता है। यहां खरीदारी के साथ-साथ खाने-पीने और घूमने के भी कई विकल्प मौजूद हैं।

खान मार्केट में कई बड़े ब्रांड्स के शोरूम, डिजाइनर बुटीक, किताबों की दुकानें, ब्यूटी स्टोर और कैफे हैं। इसकी खासियतों में शामिल हैं:

  • कपड़े और डिजाइनर स्टोर: यहां फैबइंडिया, अनोखी, सौंध, राना गिल, तोरानी और ओगान जैसे ब्रांड्स के स्टोर मौजूद हैं।

  • किताबों की दुकानें: किताबों के शौकीनों के लिए बहरिसन्स बुकसेलर्स, फकीर चंद एंड संस और फुल सर्कल जैसी पुरानी और लोकप्रिय दुकानें हैं।

  • होम डेकोर और लाइफस्टाइल: गुड अर्थ, निकोबार और द डेकोर कार्ट जैसे स्टोर घर की सजावट और लाइफस्टाइल से जुड़े प्रोडक्ट उपलब्ध कराते हैं।

  • ब्यूटी और ज्वेलरी: यहां कामा आयुर्वेद, फॉरेस्ट एसेंशियल्स, नायका और आम्रपाली ज्वेल्स जैसे आउटलेट हैं।

  • कैफे और रेस्टोरेंट: द बिग चिल कैफे, खान चाचा और पर्च जैसे लोकप्रिय फूड आउटलेट भी इस बाजार की पहचान हैं।

भारत के रिटेल बाजार में बढ़ रही है मांग

कुशमैन एंड वेकफील्ड में रिटेल इंडिया के प्रमुख मिलिन रोहिनेश के मुताबिक, भारत का रिटेल सेक्टर मजबूत स्थिति में है। लगातार बढ़ती खपत, नए स्टोर खोलने की होड़ और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की मांग इस क्षेत्र को आगे बढ़ा रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के प्रमुख रिटेल बाजारों में स्थानीय मुद्रा के आधार पर किराये में औसतन 3 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, यह वृद्धि 2025 में दर्ज 4.3 प्रतिशत के मुकाबले कम है। सर्वे में शामिल 49 प्रतिशत रिटेल बाजारों में किराया बढ़ा, जबकि 19 प्रतिशत में गिरावट आई। वहीं, 32 प्रतिशत बाजारों में किराया स्थिर रहा।

रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनिया की टॉप 30 रिटेल सड़कों पर 8.15 लाख वर्ग फुट से अधिक जगह लीज पर दी गई। इस दौरान 153 नई लीज और नए स्टोर शुरू हुए। इनमें 80 प्रतिशत से अधिक रिटेलर्स ऐसे थे, जिन्होंने पहली बार इन बाजारों में अपना स्टोर खोला। लीज पर दी गई कुल जगह का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के नाम रहा।

फैशन ब्रांड्स की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी

दुनिया के प्रमुख रिटेल बाजारों में फैशन कंपनियां दुकानों की जगह लेने के मामले में सबसे आगे रहीं। कुल लीज ट्रांजैक्शन में फैशन रिटेलर्स की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत रही, जबकि लीज पर ली गई कुल जगह में उनका हिस्सा 57 प्रतिशत था।

हालांकि, अब इन बाजारों में केवल फैशन ब्रांड्स ही नहीं, बल्कि हेल्थ और ब्यूटी, पर्सनल केयर, फूड एंड बेवरेज और एक्सपीरिएंशियल रिटेल जैसे कारोबार भी तेजी से जगह बना रहे हैं।

कनॉट प्लेस और गुरुग्राम का गैलेरिया मार्केट भी सूची में

रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में 2026 की तीसरी तिमाही तक के 12 महीनों में प्रमुख रिटेल जगहों के किराये में 3.1 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई। इससे पिछले साल यह बढ़ोतरी 2.3 प्रतिशत थी। यानी इस क्षेत्र में किराये की वृद्धि की रफ्तार तेज हुई है।

मुंबई के लिंकिंग रोड में एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के भीतर सबसे ज्यादा 28 प्रतिशत सालाना किराया वृद्धि दर्ज की गई। यह भारत के प्रमुख बाजारों में रिटेल दुकानों की मजबूत मांग को दिखाता है।

एशिया-पैसिफिक रैंकिंग में खान मार्केट 25वें स्थान पर रहा। इसके अलावा गुरुग्राम का गैलेरिया मार्केट 28वें, दिल्ली का कनॉट प्लेस 29वें और मुंबई का लिंकिंग रोड 33वें स्थान पर शामिल रहा।

भारत के अन्य प्रमुख रिटेल बाजारों में मुंबई के फोर्ट/फाउंटेन और केम्प्स कॉर्नर, बेंगलुरु के विट्ठल माल्या रोड, ब्रिगेड रोड और इंदिरा नगर, पुणे के जेएम रोड, एमजी रोड और एफसी रोड शामिल हैं। इसके अलावा कोलकाता के पार्क स्ट्रीट और गरियाहाट, हैदराबाद के जुबली हिल्स, बंजारा हिल्स और हिमायत नगर तथा चेन्नई के अन्ना नगर और पोंडी बाजार को भी रिपोर्ट में जगह मिली है।

इस रिपोर्ट से साफ है कि भारत के बड़े शहरों में प्रीमियम रिटेल बाजारों की मांग बढ़ रही है। खान मार्केट की ग्लोबल रैंकिंग में मौजूदगी इसी बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है।