☰
×

Delhi Weather: सितंबर में 25 साल बाद दिल्ली में इतनी ठंडी रात, आज भी सुहावना रहेगा मौसम
 

 

दिल्ली-एनसीआर में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते राजधानी में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। रविवार, 27 सितंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। यह 2001 के बाद सितंबर महीने में दर्ज किए गए सबसे कम न्यूनतम तापमान में से एक है।
रविवार को अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। मौसम में आई इस नरमी के कारण दिनभर लोगों को गर्मी से राहत मिली।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार 28 सितंबर को दिल्ली में आसमान पर हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, दिन के समय धूप निकलने की भी संभावना है। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं करीब 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, रात के समय तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंडक महसूस होती रहेगी।


बारिश के बाद दिल्ली की हवा भी हुई साफ
हाल में हुई बारिश का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दिया है। Central Pollution Control Board (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 53 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। शनिवार को यही AQI 72 था।
दिल्ली-एनसीआर में कहां कितनी बारिश हुई?
रविवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच दिल्ली-एनसीआर में बारिश दर्ज नहीं की गई। हालांकि, सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे के आंकड़ों में कई इलाकों में बारिश रिकॉर्ड हुई।
दिल्ली में मयूर विहार में सबसे ज्यादा 7 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद रिज में 6.8 मिमी, लोधी रोड में 5.2 मिमी, सफदरजंग में 4.9 मिमी, राजघाट में 4.5 मिमी, अयानगर में 4 मिमी, पूसा में 4 मिमी और पालम में 3.7 मिमी बारिश हुई।
एनसीआर में नोएडा में इस अवधि के दौरान सबसे ज्यादा 26.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, गाजियाबाद और फरीदाबाद में करीब 4.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
2001 के बाद सितंबर की सबसे ठंडी रातों में शामिल
27 सितंबर को दर्ज 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान ने सितंबर के मौसम का एक खास रिकॉर्ड बनाया है। साल 2001 में दिल्ली में सितंबर का न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इसके बाद 6 सितंबर 2008 को 20.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था।
वहीं, सितंबर 2024 में 6 सितंबर को न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस तरह 27 सितंबर 2026 की रात भी सितंबर की सबसे ठंडी रातों में शामिल हो गई है।
पिछले 24 घंटे में 1-2 डिग्री की गिरावट
पिछले 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17 से 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
राजधानी में उत्तर-पूर्वी हवाओं की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रही। पालम में हवा की गति 30 से 33 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम नमी 100 प्रतिशत और न्यूनतम नमी 63 प्रतिशत दर्ज की गई।