Delhi Weather: ठंड के साथ बढ़ा प्रदूषण, कई इलाकों में AQI 300 के पार; जानें आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड का असर बढ़ने के साथ हवा की गुणवत्ता भी चिंता बढ़ा रही है। मंगलवार सुबह राजधानी के कई हिस्सों में धुंध और कोहरा देखने को मिला। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ दृश्यता में सुधार होने की संभावना है, लेकिन प्रदूषण के स्तर में फिलहाल बड़ी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 245 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। राजधानी के कई इलाकों में AQI 300 के पार पहुंच गया है। सिरीफोर्ट में हवा की गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां AQI 340 के आसपास दर्ज किया गया।
इन इलाकों में हवा सबसे ज्यादा खराब
सुबह के आंकड़ों के अनुसार सिरीफोर्ट के अलावा इग्नू मैदान गढ़ी, तालकटोरा गार्डन, नॉर्थ कैंपस, एनएसयूटी जाफरपुर, सीआरआरआई मथुरा रोड, आईटीओ, बुराड़ी क्रॉसिंग, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आईआईटी दिल्ली में AQI 300 से ऊपर रहा।
वहीं जेएनयू में AQI 291 और मुंडका में 286 दर्ज किया गया। ऐसे में दिल्ली के कई इलाकों में लोगों को खराब से बहुत खराब हवा में सांस लेनी पड़ रही है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार 24 नवंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन के समय हवा की गति करीब 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, 25 नवंबर से तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
कोहरे के कारण दृश्यता भी घटी
सोमवार को सफदरजंग में सुबह 6:30 बजे दृश्यता 800 मीटर तक दर्ज की गई। कोहरे और धुंध के कारण सुबह के समय वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले 24 घंटे में राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इस दौरान पश्चिमी हवाओं की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई।
मौसम में ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण का स्तर भी दिल्लीवासियों के लिए चुनौती बना हुआ है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के कारण हवा की गुणवत्ता पर भी नजर बनी रहेगी।