☰
×

Delhi Weather: हल्के कोहरे और जहरीली हवा की दोहरी मार, कई इलाकों में AQI 450 के पार

 

दिल्ली-एनसीआर में नवंबर की शुरुआत के साथ सुबह हल्का कोहरा छाने लगा है। इससे कुछ इलाकों में विजिबिलिटी कम हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। दूसरी ओर, राजधानी में वायु प्रदूषण लगातार गंभीर बना हुआ है। कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ रहा है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार 4 नवंबर को दिल्ली का औसत AQI 377 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर इससे भी ज्यादा रहा। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा में नमी 61 से 98 प्रतिशत के बीच रही।

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार 5 नवंबर को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह हल्का कोहरा छाने के बाद दिन में धूप निकलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

दिन के दौरान उत्तर-पश्चिमी दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

दिल्ली के इन इलाकों में AQI 400 के पार

CPCB के रियल टाइम आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार सुबह 6 बजे दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 459 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रमुख इलाकों का प्रदूषण स्तर इस प्रकार रहा:

  • जहांगीरपुरी: 459
  • IIT दिल्ली: 450
  • पंजाबी बाग: 448
  • DTU: 437
  • विवेक विहार: 436
  • अलीपुर: 433
  • मुंडका: 423
  • ITO: 414
  • बवाना: 413
  • जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम: 393

AQI का 400 से ऊपर पहुंचना गंभीर श्रेणी में आता है। इस स्तर का प्रदूषण स्वस्थ लोगों को भी बीमार कर सकता है, जबकि सांस और हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

प्रदूषण से बचने के लिए बरतें सावधानी

प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। जरूरी न होने पर घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर जाते समय अच्छी फिटिंग वाला मास्क पहनें और सुबह के समय खुले में व्यायाम करने से परहेज करें।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा तापमान?

पिछले 24 घंटों में दिल्ली के तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं हुआ। राजधानी में न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इस दौरान पश्चिमी हवाएं 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।