×

दिल्ली विधानसभा में सेंध: आरोपी को आठ दिन की हिरासत में भेजा गया, आतंकी साजिश की भी होगी जांच

 

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में आरोपी सरबजीत सिंह को मंगलवार को तीस हजारी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। हालांकि, पुलिस ने कोर्ट से सरबजीत सिंह की 10 दिन की पुलिस कस्टडी मांगी थी।

मामला काफी गंभीर है क्योंकि दिल्ली पुलिस का कहना है कि वे इस साजिश का पता लगाना चाहते हैं और टेरर एंगल की जांच करना चाहते हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना फोन फेंक दिया था, जिसे वे रिकवर करना चाहते हैं। पुलिस ने कहा कि हम यह भी पूछताछ करना चाहते हैं कि वह विधानसभा में क्यों और किस तरह से घुसा। हम यह भी पता लगाना चाहते हैं कि इसमें और कौन लोग शामिल थे।

पुलिस ने कहा कि हमें पंजाब और उत्तर प्रदेश भी जाना है और उस गाड़ी के बारे में भी पता लगाना है, जिससे वह विधानसभा में घुसा था। मामले में गहनता से जांच करने के लिए सरबजीत को पुलिस कस्टी में रखना होगा।

वहीं, सरबजीत के वकील ने पुलिस कस्टडी की मांग का विरोध किया और बताया कि उनका क्लाइंट मानसिक रूप से अस्थिर है और उसका इलाज चल रहा है। वकील के मुताबिक सरबजीत अचानक अपनी बहन के पास चंडीगढ़ गया था। सरबजीत के वकील ने बताया कि वह लगभग 14-15 दिन पहले चंडीगढ़ गया था। जब उसे पता चला कि उसका भांजा खो गया है, तो वह दिल्ली आया। वह यह सोचकर विधानसभा में घुस गया कि वह एक गुरुद्वारा है।

वहीं, कोर्ट ने इस पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि सरबजीत पीलीभीत से चंडीगढ़ और फिर दिल्ली कार से गया। उसने खुद गाड़ी चलाई और फिर दावा किया जा रहा है कि वह मेंटली अनस्टेबल है।

इसके बाद कोर्ट ने पुलिस की दलीलों और सुरक्षा की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सरबजीत सिंह की 8 दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर कर दी। पुलिस ने पहले 10 दिन की कस्टडी मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने इसे 8 दिन तक सीमित कर दिया।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम