Delhi Traffic Alert: दिल्ली में आज शाम 4 से 6 बजे तक कई रास्तों पर पाबंदी, घर से निकलने से पहले देखें ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली में गुरुवार, 5 नवंबर को इंदिरा गांधी स्टेडियम और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के एक कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था शाम 4 बजे से 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है और जरूरत के मुताबिक रूट डायवर्ट किए जाएंगे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, शाम 4 बजे से सेक्रेटेरिएट रोड और वेलोड्रोम रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा बहादुर शाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक का दबाव
ट्रैफिक व्यवस्था के चलते रिंग रोड पर शांति वन क्रॉसिंग से भैरों मार्ग क्रॉसिंग तक आवाजाही प्रभावित हो सकती है। सलीमगढ़ बाईपास पर गीता कॉलोनी फ्लाईओवर अंडरपास से आईपी फ्लाईओवर की ओर जाने वाले रास्ते पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
इसके अलावा डब्ल्यू-पॉइंट से दिल्ली गेट, दिल्ली गेट से राजघाट तक जेएलएन मार्ग और राजघाट से किशन घाट की ओर जाने वाले पावर हाउस रोड पर भी ट्रैफिक प्रभावित रहने की आशंका है। आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर आईटीओ से यमुना ब्रिज की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी हो सकती है।
इन सड़कों पर पार्किंग भी रहेगी प्रतिबंधित
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को शाम 4 से 6 बजे के बीच प्रभावित मार्गों से बचने की सलाह दी है। सेक्रेटेरिएट रोड, वेलोड्रोम रोड, आईपी मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, विकास मार्ग, जेएलएन मार्ग, रिंग रोड, सलीमगढ़ बाईपास और पावर हाउस रोड पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
लोगों से अपील की गई है कि वे इन सड़कों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले रहें सतर्क
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले यात्रा की योजना बनाने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग चुनने की सलाह दी है। खासतौर पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण उनकी ट्रेन या फ्लाइट छूटने का खतरा न रहे।