×

दिल्ली से गुजरात तक फैले नार्को-एक्सटॉर्शन नेटवर्क पर कार्रवाई, 12 करोड़ की हेरोइन बरामद

 

नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली से गुजरात तक फैले नार्को-एक्सटॉर्शन नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ा शिकंजा कसा है।

दिल्ली पुलिस और गुजरात क्राइम ब्रांच के जॉइंट ऑपरेशन में 2 किलो पाकिस्तानी मूल की हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 12 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

इस कार्रवाई में रोहित गोदारा और महेंद्र डेलाना गैंग से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 साल के कुलदीप स्वामी के रूप में हुई है, जो राजस्थान के चुरू का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक, कुलदीप स्वामी एक बड़े नार्को-एक्सटॉर्शन मॉड्यूल का हिस्सा था और गुजरात के वडोदरा में दर्ज करीब 10 करोड़ रुपए के हाई-प्रोफाइल एक्सटॉर्शन केस में वॉन्टेड था।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो हाई-क्वालिटी हेरोइन, एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार और हवाला टोकन वेरिफिकेशन में इस्तेमाल होने वाला करेंसी नोट बरामद किया है।

खास बात यह है कि बरामद कार में एक सीक्रेट कैविटी भी बनाई गई थी, जिसका इस्तेमाल नशे की तस्करी के लिए किया जाता था।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। जांच में इस नेटवर्क के तार गैंगस्टर रोहित गोदारा और महेंद्र डेलाना से जुड़े होने के साथ-साथ पाकिस्तान से जुड़े नारकोटिक्स लिंक की भी जांच की जा रही है।

पुलिस को शक है कि यह गैंग नशे की तस्करी से मिले पैसों से एक्सटॉर्शन और अन्य अपराधों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस