☰
×

दिल्ली सरकार पर एक्यूआई के आंकड़ों में हेराफेरी का आरोप, सौरभ भारद्वाज बोले-अपने ही लोगों के साथ धोखा कर रही सरकार

 

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़ों में हेराफेरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार वास्तविक प्रदूषण के स्तर को कम दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने इसे दिल्ली के लोगों के साथ धोखा करार दिया।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार एक्यूआई के आंकड़ों में कथित तौर पर हेराफेरी कर रही है। प्रदूषण के वास्तविक स्तर से कम आंकड़े दिखाना बेहद गंभीर मामला है, क्योंकि इसका सीधा असर आम लोगों की सेहत पर पड़ सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदूषण का स्तर वास्तविकता से अधिक है, तो उसे कम दिखाकर लोगों को किस तरह सुरक्षित रखा जा सकता है?

आप प्रदेश अध्यक्ष ने आगाह किया कि प्रदूषण के आंकड़ों को वास्तविकता से कम दिखाने के गंभीर स्वास्थ्य संबंधी परिणाम हो सकते हैं। इससे लोगों को प्रदूषण के वास्तविक खतरे का अंदाजा नहीं लग पाएगा और वे जरूरी सावधानियां बरतने में लापरवाही कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खराब वायु गुणवत्ता के संपर्क में आने से हार्ट अटैक, अस्थमा के गंभीर दौरे और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। गंभीर परिस्थितियों में मरीज को सांस लेने में विफलता जैसी जानलेवा स्थिति का भी सामना करना पड़ सकता है।

सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, एक्यूआई के आंकड़े केवल सरकारी रिकॉर्ड या प्रशासनिक रिपोर्ट का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि आम नागरिकों को अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े फैसले लेने में मदद करते हैं। यदि लोगों को प्रदूषण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ही नहीं मिलेगी, तो वे घर से बाहर निकलने, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को लेकर सही निर्णय कैसे ले पाएंगे?

उन्होंने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या से निपटने के बजाय यदि आंकड़ों को ही कम करके दिखाया जाएगा, तो इससे जनता की मुश्किलें और बढ़ेंगी। प्रदूषण की वास्तविक स्थिति सामने आना जरूरी है, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

आप ने इस पूरे मामले को दिल्ली की जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल बताया है। पार्टी का कहना है कि प्रदूषण के आंकड़ों में पारदर्शिता होनी चाहिए और लोगों को वास्तविक एक्यूआई की जानकारी मिलनी चाहिए।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम