×

दिल्ली सरकार के 10 हजार विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल निर्माण का फैसला स्वागतयोग्य: अभाविप

 

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दिल्ली सरकार द्वारा 10 हजार विद्यार्थियों की क्षमता वाले हॉस्टल के निर्माण के निर्णय का स्वागत करती है। दिल्ली देशभर के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती आवास उपलब्ध कराना लंबे समय से एक महत्वपूर्ण आवश्यकता रही है।

अभाविप लगातार दिल्ली में पीजी एवं छात्रावासों की संख्या बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाती रही है।

सत्य निकेतन की घटना के बाद दिल्ली में विद्यार्थियों के आवास की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई थीं। ऐसे में नए हॉस्टल के निर्माण के साथ अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकासी, पर्याप्त वेंटिलेशन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा, "दिल्ली में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त और सुरक्षित छात्रावास उपलब्ध कराना अभाविप की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांग रही है। आगामी डूसू चुनाव के लिए अभाविप द्वारा जारी घोषणापत्र में भी विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल की संख्या बढ़ाने और सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय सुविधाएं सुनिश्चित करने को प्रमुखता से शामिल किया गया है।"

उन्होंने आगे कहा, "ऐसे में दिल्ली सरकार द्वारा 10 हजार विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल निर्माण का निर्णय अभाविप की इस लंबे समय से चली आ रही मांग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और हम इसका स्वागत करते हैं। हम अपेक्षा करते हैं कि इस निर्णय को शीघ्र धरातल पर उतारा जाएगा तथा हॉस्टल में सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे दिल्ली आने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर आवासीय सुविधा मिल सके।"

--आईएएनएस

डीकेपी/