दिल्ली सरकार का एक साल हर मोर्चे पर रहा विफल: मनीष सिसोदिया
नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए उसे हर मोर्चे पर विफल बताया है। आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकार का एक साल “दिल्लीवालों के साथ फर्जीवाड़े” का रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने महिलाओं, युवाओं, मध्यम वर्ग, गरीबों और सरकारी सेवाओं के साथ धोखा किया है।
इस दौरान दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधायक कुलदीप कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान ‘एक साल, दिल्ली बेहाल, याद आ रहे केजरीवाल’ पोस्टर भी जारी किया गया। सिसोदिया ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने की गारंटी दी थी। 8 मार्च 2025 से भुगतान शुरू होने का दावा किया गया था, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी महिलाओं के खातों में राशि नहीं पहुंची।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार दिल्ली ने ऐतिहासिक रूप से खराब वायु गुणवत्ता झेली। सरकार ने एक्यूआई डेटा में हेरफेर करने के लिए निगरानी केंद्रों को स्थानांतरित किया और उनके आसपास पानी का छिड़काव कराया। यमुना सफाई के दावे पर भी उन्होंने कहा कि “नकली यमुना” दिखाकर जनता को भ्रमित किया गया।
सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार के आते ही निजी स्कूलों ने 30 से 80 प्रतिशत तक फीस बढ़ा दी, लेकिन सरकार ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। सरकारी स्कूलों का बजट घटाया गया और ‘स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस’ जैसी परियोजनाओं को बंद कर दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समय शुरू किए गए ‘हैप्पीनेस करिकुलम’ और ‘एंटरप्रेन्योरशिप करिकुलम’ को भी बंद कर दिया गया है।
आप नेता के मुताबिक, एक लाख से अधिक अस्थायी कर्मचारियों को नौकरी से हटाया गया। बस मार्शलों को पक्का करने के वादे के बावजूद हजारों को बेरोजगार कर दिया गया। मोहल्ला क्लीनिक बंद होने और अस्पतालों में मुफ्त दवाइयों व टेस्ट की सुविधा ठप होने का भी आरोप लगाया गया।
सिसोदिया ने कहा कि “जहां झुग्गी वहीं मकान” के वादे के उलट सरकार ने झुग्गियां हटाने का अभियान चलाया। करीब 8 लाख राशन कार्ड रद्द किए गए और विधवाओं व बुजुर्गों की पेंशन बंद कर दी गई।
उन्होंने दावा किया कि जनवरी के पहले 15 दिनों में 800 लोग लापता हुए और 24 घंटे में कई हत्याएं हुईं। सड़कों पर गड्ढे, सीवर ओवरफ्लो और कूड़े के पहाड़ कम न होने को भी उन्होंने सरकार की विफलता बताया। सिसोदिया ने कहा कि वर्तमान सरकार का एक साल “दिल्ली को बेहाल” कर गया है और जनता को फिर से अरविंद केजरीवाल की याद आ रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच