×

दिल्ली सरकार जल्द ही 20 आधुनिक 'जेरियाट्रिक एम्बुलेंस' शुरू करेगी: मंत्री पंकज सिंह

 

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। अपनी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और ज्यादा मजबूती प्रदान करने के लिए दिल्ली सरकार जल्द ही 20 आधुनिक 'जेरियाट्रिक एम्बुलेंस' शुरू करने जा रही है। इन एम्बुलेंस को विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों की मेडिकल जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। सभी एम्बुलेंस चिकित्सा सुविधाओं से लैस होंगी, जिससे आपातकालीन स्थिति में राजधानी दिल्ली के वरिष्ठ नागरिकों के लिए रिस्पॉन्स टाइम में सुधार होने के साथ ही बेहतर प्री-हॉस्पिटल देखभाल भी सुनिश्चित होगी।

अभी सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज़ (सीएटीएस) अपने सेंट्रलाइज़्ड कंट्रोल रूम (टोल-फ्री नंबर 102) के जरिए राजधानी में 331 एम्बुलेंस का संचालन कर रही है, जो 112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम के साथ भी जुड़ा हुआ है। 20 जेरियाट्रिक एम्बुलेंस के जुड़ने के बाद दिल्ली में कुल एम्बुलेंस की संख्या बढ़कर 351 हो जाएगी, जिससे राजधानी में आपातकालीन सेवाएं और ज्यादा मजबूत होगी। दिल्ली सरकार चरणबद्ध तरीके से अपने एम्बुलेंस बेड़े को 1000 तक बढ़ाने की योजना बना रही है, जिससे दिल्ली के लिए एक मजबूत और भविष्य की जरूरतों के हिसाब से आपातकालीन नेटवर्क तैयार किया जा सके।

यह पहल दिल्ली सरकार के उस विजन का हिस्सा है, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और ज्यादा सुलभ, प्रभावी और मजबूत बनाया जा रहा है। इसके लिए दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 13,034 करोड़ रुपए के बजट का आवंटन किया है। साथ ही सरकारी अस्पतालों में अधूरे पड़े प्रोजेक्ट के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने और क्रिटिकल केयर सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सीएटीएस जैसी आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत आधार मिल सके।

अपनी सरकार के इस पहल पर बोलते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक 'जेरियाट्रिक एम्बुलेंस' एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत हमारी उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत हम दिल्ली के प्रत्येक नागरिक, विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली का निर्माण करना चाहते हैं जो समावेशी और बुजुर्ग आबादी की जरूरतों के प्रति संवेदनशील हो। आधुनिक लाइफ-सपोर्ट सिस्टम से लैस ये एम्बुलेंस समय पर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करेंगी। साथ ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हम अस्पतालों के बुनियादी ढांचे और क्रिटिकल केयर सुविधाओं को और ज्यादा मजबूत कर रहे हैं, ताकि आपातकालीन सेवाएं ग्राउंड लेवल पर गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ सहजता से जुड़ सके।

उन्नत आपातकालीन सेवाओं और स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर में लगातार सुधार के माध्यम से हमारी सरकार एक अधिक प्रभावी, समावेशी और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है, जिसमें खास तौर से वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और उनके कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

--आईएएनएस

डीएससी