दिल्ली के रोहिणी में ई-रिक्शा चालक की हत्या का खुलासा, दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार
नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले की शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चालक अभिषेक की हत्या के मामले को 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, मोटरसाइकिल, स्कूटी और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 12 सितंबर की रात रोहिणी के सेक्टर-28 में नए बने आयुर्वेद अस्पताल के पास का है। घटना की शुरुआत एक मामूली सड़क हादसे से हुई। आरोपी ओएच विलेज/आयुर्वेद अस्पताल की तरफ से लौट रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच मामूली टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर सड़क पर कहासुनी शुरू हो गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक अभिषेक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। पुलिस की जांच में सामने आया है कि झगड़े के दौरान आरोपी हिमांशु की अभिषेक के साथ हाथापाई हुई, जिसमें अभिषेक ने उसे थप्पड़ मारा और उसकी गर्दन पकड़ ली। इसी बीच आरोपी अनुज ने अभिषेक को पीछे से पकड़ लिया, जिससे हमला करना आसान हो गया। इसके बाद आरोपी सचिन उर्फ संतोष ने चाकू निकाला और अभिषेक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
केस दर्ज होने के तुरंत बाद शाहबाद डेयरी थाने की कई विशेष टीमें बनाई गईं। पुलिस ने बारीकी से सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, तकनीकी जांच की और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई। लगातार फील्ड इन्वेस्टिगेशन के बाद सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनुज (19 साल), हिमांशु (21 साल), सचिन उर्फ संतोष (22 साल), नंदिनी तिवारी (19 साल) और कुंती उर्फ वंशिका (18 साल) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अनुज ने अभिषेक को पीछे से पकड़ा था। हिमांशु शुरुआती झगड़े में शामिल था और उसी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद हुआ है। सचिन उर्फ संतोष पर चाकू मारने का मुख्य आरोप है। दोनों महिलाएं घटना के समय ग्रुप के साथ मौजूद थीं और जांच में उनकी भूमिका साबित हुई है। तीनों पुरुष आरोपी शाहबाद इलाके के रहने वाले हैं, जबकि दोनों महिलाएं जहांगीरपुरी की रहने वाली हैं।
यह पूरा ऑपरेशन संयुक्त सीपी नॉर्दर्न रेंज विजय सिंह के निर्देशों, डीसीपी आउटर नॉर्थ शोभित डी. सक्सेना के मार्गदर्शन और एससीपी बवाना गौरव सिंह की निगरानी में चला। जांच का नेतृत्व एसएचओ इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने अपनी टीम सब इंस्पेक्टर घनश्याम, हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध, विक्रम, नीरज, विपिन, मुकेश, हेड कांस्टेबल सुमन मान और हेड कांस्टेबल सीमा के साथ किया।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी