दिल्ली पुलिस ने वाहन चोर को किया गिरफ्तार, चोरी की दो स्कूटी बरामद
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के पूर्वी जिले की प्रीत विहार पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। चोर के कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद हुई है। आरोपी पहले से ही 49 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है।
पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि प्रीत विहार पुलिस स्टेशन की एक टीम को आपराधिक गतिविधियों को रोकने और उनका पता लगाने के लिए तैनात किया गया था। पुलिस स्टेशन प्रीत विहार के एसएचओ की देखरेख और प्रीत विहार उपमंडल के एसीपी के मार्गदर्शन में गठित टीम को मुखबिर से एक सक्रिय ऑटो-लिफ्टर की गतिविधियों के बारे में सूचना मिली।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी निगरानी और विश्लेषण के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और प्रीत विहार के सी-ब्लॉक, स्वर्ण जयंती पार्क के पास नागराज मार्ग से पंकज (33) निवासी डाक खाना वाली गली, शकूरपुरको गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के समय चोरी की स्कूटी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को एक और चोरी की स्कूटी बरामद करने में मदद की, जो दिल्ली के मेट्रो अस्पताल के पास नागराज मार्ग से बरामद की गई। आरोपी ने इलाके में वाहन चोरी और छीनाझपटी के कई अन्य मामलों में भी अपनी संलिप्तता का खुलासा किया। आगे की संलिप्तता की पुष्टि जारी है। बरामद किए गए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
इसके अलावा प्रीत विहार इलाके में पुलिस ने एक चोर को चोरी करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता अब्दुल बासित जब अपने घर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि घर के अंदर के ताले टूटे हुए हैं और सामान गायब है। इसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो बालकनी के पास से हरे रंग का थैला लेकर निकल रहा था। शक होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी भागने लगा। शोर की आवाज सुनकर प्रीत विहार थाने की गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चोर सोहन कालिया को गिरफ्तार कर लिया।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम