दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई और रसीद केवल गैंग से जुड़े दो अपराधियों को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर पूर्वी दिल्ली जिला की स्पेशल स्टाफ की टीम ने उस्मानपुर यमुना खादर में देर रात मुठभेड़ के दौरान 2 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इस मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी हैं, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के बारे में उत्तर पूर्वी दिल्ली की स्पेशल स्टाफ की टीम को जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उस्मानपुर यमुना खादर में जाल बिछाया। इन दोनों को आते हुए देखा, तो रुकने का इशारा किया गया। हालांकि, आरोपियों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। इसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगीं। इसके बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों को अपनी हिरासत में ले लिया और घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान वसीम और कैफ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों अपराधियों ने 2 अक्टूबर को भजनपुरा क्षेत्र में एक व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। साथ ही, उन्होंने हवाई फायरिंग की थी। इसके बाद दोनों अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। यह दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई और रसीद केवल गैंग से ताल्लुक रखते हैं।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को हत्या के प्रयास के मामले में 'टक्कर गिरोह' के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार शख्स को पहले ही घोषित अपराधी घोषित कर दिया गया था। आरोपी की पहचान दिल्ली के डाबरी का निवासी 30 वर्षीय गुलाम ख्वाजा उर्फ आले के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान, ख्वाजा ने टक्कर गिरोह से अपने संबंध और द्वारका, डाबरी, उत्तम नगर और हरियाणा के आसपास के इलाकों में उसकी गतिविधियों का खुलासा किया।
--आईएएनएस
डीसीएच/