दिल्ली पुलिस ने कुख्यात अपराधी को किया गिरफ्तार, 40 से ज्यादा मामलों में है आरोपी
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की पश्चिमी जिला टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक मामले के आरोपी कुख्यात लुटेरे और घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लूटे गए 13 हजार रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल (28) के रूप में हुई है, जो उत्तम नगर इलाके का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ लूट, झपटमारी और अन्य अपराधों के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह दिल्ली पुलिस के छह अलग-अलग मामलों में घोषित अपराधी भी रह चुका है।
पुलिस ने बताया कि 23 मई 2026 की रात करीब 10:43 बजे थाना ख्याला में लूट की घटना को लेकर पीसीआर कॉल मिली थी। मामले की जांच एएसआई ईश्वरी लाल को सौंपी गई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह ख्याला गांव से अपने घर उत्तम नगर लौट रहा था। इसी दौरान विष्णु गार्डन स्थित पटेल चौक के पास स्कूटी सवार एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने पहले उससे झगड़ा किया और फिर उसकी शर्ट पकड़कर जेब में रखे 15 हजार रुपए लूटकर फरार हो गया।
घटना के बाद थाना ख्याला में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए 13 हजार रुपए और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की। पूछताछ और जांच में पता चला कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में 40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त शरद भास्कर ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अन्य किन-किन वारदातों में शामिल रहा है।
--आईएएनएस
एएमटी/एएस