दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 199 बोतल अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार
नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। पूर्वी जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 199 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।
यह कार्रवाई पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने की। पुलिस ने बताया कि पूर्वी जिला पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत थाना पांडव नगर औद्योगिक क्षेत्र की टीम एएसआई कासिम, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार और कांस्टेबल दिनेश क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही थी।
7 मार्च 2026 की सुबह करीब 5 बजे पुलिस टीम आईएसबीटी आनंद विहार के पास पहुंची। यहां दो व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में सात पिट्ठू बैग और चार ट्रॉली बैग के साथ खड़े मिले। पुलिस ने शक होने पर दोनों को रोककर पूछताछ की, लेकिन वे बैग में रखे सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
बैग की तलाशी लेने पर 199 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान सूरज और सुनील के रूप में हुई।
आरोपी सूरज ईस्ट चंपारण (मोतिहारी), बिहार, जबकि सुनील बिहार के रक्सौल इलाके का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला दिल्ली एक्साइज एक्ट, 2009 की धारा 33 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी