×

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक ड्रग सप्लायर को किया गिरफ्तार

 

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। दिल्ली में बाहरी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 8 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली पुलिस की ओर से रविवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 14 मई को स्पेशल स्टाफ के एसआई विपिन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली के विभिन्न इलाकों में गांजा सप्लाई करने वाला एक व्यक्ति शाम के समय बापरोला इलाके में नशीला पदार्थ पहुंचाने आने वाला है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर रोहित के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई मुरारी लाल, हेड कांस्टेबल रोहित, कांस्टेबल हरकेश, विजय लौरा और अनुज शामिल थे। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र दलाल की निगरानी में की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर के साथ मिलकर बापरोला इलाके में जाल बिछाया। कुछ देर बाद कंधे पर नीले रंग का बैग लेकर एक युवक वहां पहुंचा, जिसे मुखबिर ने पहचान लिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अल्ताफ आलम के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के कुशीनगर का रहने वाला है और उसकी उम्र 20 वर्ष बताई गई है।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि बैग की तलाशी के दौरान टीम को उसके अंदर छिपाकर रखे गए गांजे के चार पैकेट बरामद हुए। बरामद प्रतिबंधित सामान का मौके पर ही वजन किया गया, जो 8.120 किलोग्राम निकला। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत इसे जब्त कर लिया गया।

इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने कहा कि नशीले पदार्थ के स्रोत का पता लगाने और इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

डीसीएच/