दिल्ली पुलिस के फर्जी सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान बरामद
नोएडा, 24 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-113 की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की फर्जी वर्दी पहनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की वर्दी समेत बड़ी संख्या में फर्जी पहचान पत्र और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी की पहचान राहुल सिंह पुत्र तोड़ी राम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की उम्र करीब 34 वर्ष है और वह मूल रूप से मथुरा का रहने वाला है, जबकि वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-117 में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की वर्दी धारण कर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल सिंह को सेक्टर-117 नोएडा सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दिल्ली पुलिस के दरोगा की वर्दी और पुलिस अधिकारी के तौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले कई सामान बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी दिल्ली पुलिस सब-इंस्पेक्टर की वर्दी, दो सफेद धातु के डीपी बैज, चार सफेद धातु के स्टार, एक नेम प्लेट, लाल बेल्ट समेत दिल्ली पुलिस का चपराश, एक जोड़ी खाकी मोजे, एक जोड़ी लाल रंग के जूते और दिल्ली पुलिस की पी-कैप बरामद की है। इसके अलावा आरोपी के पास से दिल्ली पुलिस के सात आई-कार्ड भी मिले हैं। इन आई-कार्ड को लेकर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाता था और आरोपी ने इन्हें कहां से हासिल किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक कैंटीन स्मार्ट कार्ड, सात एटीएम/क्रेडिट कार्ड, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक मेट्रो कार्ड भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आईफोन 17 प्रो मोबाइल भी बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी जिस आई-20 कार से संबंधित पाया गया, उसे भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस ने इस मामले में थाना सेक्टर-113 में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके द्वारा फर्जी पुलिस अधिकारी की पहचान और वर्दी का इस्तेमाल करने के पीछे की मंशा का पता लगाया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने फर्जी पुलिस पहचान पत्रों का इस्तेमाल कहीं लोगों को प्रभावित करने, धोखाधड़ी करने या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि के लिए तो नहीं किया।
बरामद सात दिल्ली पुलिस आई-कार्ड पुलिस जांच का अहम हिस्सा माने जा रहे हैं। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, कार्ड और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी