×

Delhi-NCR Weather Today: आज बारिश के आसार, उमस बढ़ाएगी परेशानी; मानसून की विदाई से पहले मौसम का बदला मिजाज
 

 

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई का समय नजदीक आ गया है, लेकिन मौसम अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है. शुक्रवार यानी 18 सितंबर को राजधानी और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.
हालांकि मौसम विभाग की ओर से फिलहाल भारी बारिश, तेज आंधी या थंडरस्ट्रोम को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. ऐसे में बारिश का असर सीमित रहने की संभावना है.

सुबह से दोपहर तक बारिश के आसार
शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय तापमान करीब 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़कर 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
बारिश के बावजूद हवा में नमी अधिक रहने की वजह से लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है. अनुमान के मुताबिक दिन के दौरान आर्द्रता करीब 60 से 80 फीसदी के बीच रह सकती है. सुबह से दोपहर तक कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है.
गुरुवार को कई इलाकों में हुई थी बारिश
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिली थी. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में भी बदलाव महसूस किया गया. अब शुक्रवार को भी बादलों की आवाजाही के बीच बारिश की संभावना बनी हुई है.
मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दायरा बहुत व्यापक रहने की संभावना नहीं है. कुछ इलाकों में मौसम साफ भी रह सकता है, जबकि दूसरे हिस्सों में अचानक हल्की बारिश हो सकती है.

मानसून की विदाई के साथ बारिश में आएगी कमी
उत्तर भारत में मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है. दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के क्षेत्रों में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है. फिलहाल मौसम में बदलाव के कारण कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, लेकिन लगातार या भारी बारिश का दौर लौटने के संकेत नहीं हैं.

पहााड़ी इलाकों में भी हाल के दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है. कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. आने वाले दिनों में उत्तर भारत में मानसून की गतिविधियां और कमजोर होने के साथ मौसम के अपेक्षाकृत शुष्क होने की संभावना है.