Delhi-NCR Weather: बारिश और तेज हवाओं से बदलेगा मौसम, अगले 3 दिन तापमान में गिरावट के आसार
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की वापसी के बाद भी मौसम में बदलाव जारी है। रात के समय चल रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार 26 सितंबर से अगले तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से राजधानी में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में आसमान सामान्य तौर पर बादलों से घिरा रह सकता है। सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में एक-दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली भी देखने को मिल सकती है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों के साथ इसकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। दोपहर से शाम के बीच भी राजधानी के कई हिस्सों में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।
तापमान में आएगी गिरावट
शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे दिल्ली-एनसीआर में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है।
शुक्रवार को भी गिरा तापमान
शुक्रवार 25 सितंबर को दिल्ली में अधिकतर समय हल्के बादल और धूप का असर देखने को मिला। राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक था। शुक्रवार को दिल्ली में बारिश दर्ज नहीं की गई।
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री तक कम रहा।
आने वाले तीन दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर के मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।