दिल्ली-एनसीआर में मानसून जारी, 24 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान
नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। शुक्रवार से आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ मौसम का मिजाज बदलता दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं, जबकि मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कई दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान है।
फिलहाल किसी भी दिन के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद 21 से 24 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद 25 और 26 अगस्त को बारिश से कुछ राहत मिलने के साथ आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 21 अगस्त को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
22 अगस्त को बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 23 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। आर्द्रता 85 से 70 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है।
वहीं, 24 अगस्त को तापमान 34 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और हल्की बारिश या बूंदाबांदी का पूर्वानुमान है। 25 अगस्त से मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और बारिश की संभावना अपेक्षाकृत कम होगी। आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा तथा आर्द्रता 75 से 55 प्रतिशत के बीच रह सकती है।
लगातार बदलते मौसम और बारिश के असर से दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता फिलहाल बहुत खराब स्थिति में नहीं पहुंची है। उपलब्ध आंकड़ों में कई निगरानी केंद्रों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) ग्रीन और यलो जोन में दर्ज किया गया है। हालांकि कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत अधिक है। दिल्ली के निगरानी केंद्रों में आनंद विहार का एक्यूआई 242 दर्ज किया गया, जो इस सूची में सबसे अधिक है। इसके अलावा अशोक विहार 119, आया नगर 124, बवाना 136, बुराड़ी क्रॉसिंग 103, कैंटोनमेंट एरिया 93, चांदनी चौक 134 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 95 दर्ज किए गए।
वहीं, मथुरा रोड का एक्यूआई 129 दिखाई दे रहा है। इससे स्पष्ट है कि बारिश और बादलों के बावजूद एनसीआर के कुछ व्यस्त और ट्रैफिक वाले इलाकों में प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। नोएडा में भी वायु गुणवत्ता की स्थिति फिलहाल यलो जोन में बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सेक्टर-125 का एक्यूआई 110, सेक्टर-62 का 102, सेक्टर-1 का 116 और सेक्टर-116 का 141 दर्ज किया गया। इनमें सेक्टर-116 की स्थिति सबसे अधिक प्रदूषित रही। इसके बावजूद बारिश और नम मौसम के कारण हवा में धूल के कणों का प्रभाव नियंत्रित रहने की उम्मीद है।
गाजियाबाद के छह सक्रिय निगरानी केंद्रों पर भी अलग-अलग स्तर का एक्यूआई दर्ज किया गया। गोविंदपुरम में 77 और इंदिरापुरम में 73 एक्यूआई दर्ज किया गया, जो ग्रीन जोन में है। वहीं, लोनी में 145, संजय नगर में 129, वसुंधरा में 131 और वेद विहार-लोनी में 115 एक्यूआई दर्ज किया गया। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में फिलहाल मानसूनी बादलों का असर कायम है। अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। हालांकि बारिश रुकने के बाद उमस बढ़ सकती है। वहीं लगातार बादल और बारिश के कारण वायु गुणवत्ता में फिलहाल बड़ी गिरावट की स्थिति नहीं है।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीकेयू