×

दिल्ली एनसीआर में गर्मी और उमस से राहत, हवा की गुणवत्ता भी सुधरी

 

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इन दिनों मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है। लगातार बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी नहीं होने से दिन के समय भी मौसम सुहावना बना हुआ है।

मौसम में आए इस बदलाव का असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखाई दे रहा है। सुबह और शाम के समय वातावरण में गर्मी का असर कम महसूस हो रहा है, जबकि दोपहर में भी पहले जैसी तेज गर्मी परेशान नहीं कर रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 18 अगस्त को सामान्यतः बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।

19 और 20 अगस्त को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। 21 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यानी आने वाले दिनों में भी मौसम पूरी तरह शुष्क रहने के बजाय बादलों और बारिश की गतिविधियों से प्रभावित रह सकता है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सफदरजंग क्षेत्र में 18 अगस्त के दौरान सामान्य अधिकतम तापमान करीब 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 19 से 23 अगस्त के बीच सामान्य अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वहीं 24 से 28 अगस्त के दौरान अधिकतम तापमान का सामान्य स्तर 34.1 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बादलों की आवाजाही और बारिश का असर मौसम पर देखने को मिल रहा है। इससे लगातार धूप और उमस से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है। बारिश के बाद कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि बारिश रुकने के बाद नमी बढ़ने से कुछ समय के लिए उमस महसूस हो सकती है।

मौसम में बदलाव का सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दे रहा है। बारिश और हवा की गतिविधियों के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों के फैलाव में मदद मिलती है। यही वजह है कि एनसीआर के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता फिलहाल बेहद खराब श्रेणी में नहीं पहुंची है। दिल्ली का एक्यूआई हालांकि अलग-अलग समय और मॉनिटरिंग स्टेशन के अनुसार बदलता रहता है। उपलब्ध ताजा आंकड़ों में दिल्ली का एक्यूआई 109 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

विशेषज्ञों के अनुसार एक्यूआई लेकर राहत को स्थायी सुधार नहीं माना जा सकता, क्योंकि मौसम, हवा की दिशा, वाहनों से होने वाला उत्सर्जन और स्थानीय प्रदूषण जैसे कारक वायु गुणवत्ता को लगातार प्रभावित करते हैं। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 18 अगस्त से 21 अगस्त तक दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बादल और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 19 और 20 अगस्त को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर भी आ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान पर नियंत्रण रहने और लोगों को तेज गर्मी से राहत जारी रहने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

पीकेटी/वीकेयू