दिल्ली-एनसीआर में बारिश और बादलों के बीच तापमान रहेगा नियंत्रित, उमस कर सकती है परेशान
नोएडा, 13 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लोगों को इस सप्ताह भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कई दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की बारिश या बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि बारिश के बीच तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, लेकिन वातावरण में नमी का स्तर काफी अधिक रहने के कारण उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
वहीं, बारिश की रफ्तार कम होते ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ग्रीन से यलो जोन की तरफ बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद फिलहाल क्षेत्र के लोगों को भीषण गर्मी और खराब हवा से काफी हद तक राहत मिली हुई है। मौसम विभाग की स्थानीय मौसम रिपोर्ट के अनुसार 13 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इस दौरान सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। हवा में आर्द्रता का स्तर 90 और 85 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है। खास बात यह है कि इस दिन मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 14 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने सामान्यतः बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। यानी तापमान अपेक्षाकृत नियंत्रित रहेगा, लेकिन उमस अधिक महसूस हो सकती है। 15 अगस्त को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
16 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ सामान्यतः बादल छाए रहने का पूर्वानुमान दिया है।
17 अगस्त को भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी संभव है। 18 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार सामान्यतः बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। आर्द्रता 85 और 75 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है। इस दिन भी कोई चेतावनी नहीं है।
इस तरह 13 से 18 अगस्त के बीच अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। बारिश के कारण पिछले दिनों दिल्ली-एनसीआर की हवा को काफी राहत मिली थी, लेकिन बारिश की गतिविधियां कम होते ही कई इलाकों में एक्यूआई ग्रीन से यलो जोन की तरफ बढ़ता नजर आ रहा है।
दिल्ली के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक अलीपुर का एक्यूआई 104, आनंद विहार 262, अशोक विहार 114, आया नगर 85, बवाना 202, बुराड़ी क्रॉसिंग 79, कैंटोनमेंट एरिया 85, चांदनी चौक 120 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 84 दर्ज किया गया। नोएडा के उपलब्ध मॉनिटरिंग आंकड़ों में सेक्टर-125 का एक्यूआई 154, सेक्टर-62 का 90, सेक्टर-1 का 105 और सेक्टर-116 का 127 दर्ज किया गया यानी नोएडा के चार सक्रिय स्टेशनों में सबसे अधिक एक्यूआई सेक्टर-125 में 154 रहा, जबकि सेक्टर-62 में यह 90 दर्ज किया गया।
वहीं गाजियाबाद के उपलब्ध पांच सक्रिय स्टेशनों में इंदिरापुरम का एक्यूआई 124, लोनी 128, संजय नगर 102, वसुंधरा 99 और वेद विहार-लोनी 114 दर्ज किया गया। यहां वसुंधरा का स्तर 99 और संजय नगर का 102 रहा, जबकि लोनी में एक्यूआई 128 तक पहुंच गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से फिलहाल सबसे बड़ी राहत तापमान को लेकर है।
अगले कई दिनों तक अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री के बीच रह सकता है। लगातार बादल और हल्की बारिश के कारण तेज धूप और लू जैसी स्थिति बनने की संभावना कम है। हालांकि 85 से 95 प्रतिशत तक पहुंच रही आर्द्रता के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीसी