दिल्ली-एनसीआर में 29-30 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, वायु गुणवत्ता 'येलो जोन' में
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली और उसके आसपास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक करवट ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दो दिनों यानी 29 और 30 अक्टूबर को राजधानी समेत पूरे एनसीआर में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इस समय लोगों को मौसम की मार से कुछ राहत मिली हुई है, क्योंकि सुबह के समय तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो कि मौसम में ठंडक का एहसास करा रहा है। वहीं, अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रही लेकिन बीच-बीच में तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी से भी राहत मिल रही है। हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) का स्तर सुबह के समय 90 प्रतिशत तक रहा, जो दिन चढ़ने के साथ घटकर 60 प्रतिशत तक आ गया।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क रहेगा लेकिन 29 अक्टूबर को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन "गरज-चमक के साथ बारिश" होने की संभावना है। तापमान में भी गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इसी तरह, 30 अक्टूबर को भी मौसम साफ नहीं रहेगा। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तापमान 27 डिग्री (अधिकतम) और 19 डिग्री (न्यूनतम) के बीच रहने का अनुमान है।
महीने के आखिरी दिन यानी 31 अक्टूबर से मौसम फिर से करवट लेगा और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, 1 नवंबर को भी आंशिक बादलों के साथ मौसम साफ रहने का अनुमान है और तापमान 30 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा। मौसम में आए इस बदलाव का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर की हवा पर भी पड़ा है।
पिछले कुछ दिनों से लगातार खराब हो रही हवा की गुणवत्ता में अब सुधार देखने को मिल रहा है। तेज हवाओं के चलते प्रदूषण के कण बिखर गए हैं, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में गिरावट आई है। एनसीआर का एक्यूआई अब 'येलो जोन' में पहुंच गया है। यह लोगों के लिए राहत की सांस लेने वाली खबर है, क्योंकि दिवाली से पहले प्रदूषण के स्तर में यह गिरावट एक सकारात्मक संकेत है।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम