दिल्ली: मर्डर केस में वांछित फरार आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, हथियार-कारतूस बरामद
नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिले की वेलकम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की टीम ने हत्या के एक मामले में वांछित चल रहे फरार आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान उसकी लोकेशन मिलने पर टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई। जवाबी कार्रवाई और सतर्कता के साथ पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी हत्या के एक मामले में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे (एम्प्टी कार्ट्रिज) तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद हथियार और कारतूसों को जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
इसी तरह, एक अन्य कार्रवाई में दक्षिणी दिल्ली के पुष्प विहार में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। ये तीनों अपराधी लाडो सराय में हाल ही में रंगदारी के लिए हुई फायरिंग के मामले में शामिल थे। घटना के बाद से सभी फरार चल रहे थे।
--आईएएनएस
पीएसके