×

दिल्ली: मुख्यमंत्री ने 'हीट वेव एक्शन प्लान 2026' की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की

 

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को 'हीट वेव एक्शन प्लान 2026' की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी से बचाव के हर इंतजाम जमीन पर दिखने चाहिए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी का मौसम अपने चरम पर पहुंच गया है और इस दौरान अस्पतालों में पर्याप्त बेड उपलब्ध हों, जन-जागरूकता अभियान तुरंत चलाया जाए, एम्बुलेंस में हीटवेव उपचार की पूरी सुविधा रहे, सभी स्कूलों में वॉटर बेल प्रणाली लागू हो, अस्पतालों, स्कूलों, कंस्ट्रक्शन साइटों, अटल कैंटीनों, पुलिस थानों, पोस्ट ऑफिसों और डीटीसी बस स्टैंडों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो और सभी स्थानों पर ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही टैंकर, वॉटर कूलर और वॉटर एटीएम निर्बाध चलें। पशु-पक्षियों के लिए भी छाया और पानी की समुचित व्यवस्था हो। जनता की सुविधाओं को सर्वोपरि रखते हुए समय पर सभी तैयारियां पूर्ण की जाएं।

इससे पहले शुक्रवार को सीएम रेखा गुप्ता ने सभी स्कूलों को 2 मई को शिक्षा निदेशालय को आईएमडी द्वारा जारी हीट वेव एक्शन प्लान के तहत अपनी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि निर्देशों का पालन हो रहा है या नहीं।

सीएम रेखा गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर कहा कि दिल्ली में सभी स्कूलों को 2 मई को दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय को आईएमडी द्वारा जारी हीट वेव एक्शन प्लान के तहत अपनी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। हर बच्चा हमारे लिए जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार ने दिशानिर्देश दिए हैं। हर स्कूल को हर 45 से 60 मिनट के बीच वाटर बेल बजाने का निर्देश दिया गया है, जिससे बच्चों को पानी पीना याद रहे। इसके साथ ही हर स्कूल में साफ और ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी।

दिल्ली सीएम ने बताया कि हर स्कूल के लिए एक नोडल अधिकारी बनाया जाएगा, जो यह सुनिश्चित करेगा कि सभी दिशानिर्देशों का पालन ठीक से हो। सभी स्कूलों को यह भी हिदायत दी गई है कि बच्चों को खुले में न रखा जाए और न ही कोई स्पोर्ट्स एक्टिविटी कराई जाए।

--आईएएनएस

एमएस/