☰
×

Delhi Metro: ट्रेन में सरकार के खिलाफ संदेश वाले पोस्टर मिले, अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज

 

दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पोस्टरों पर देश में पिछले कुछ वर्षों में हुए बदलावों को लेकर कई दावे लिखे गए थे। इसके साथ ही लोगों को ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने के लिए QR कोड भी दिया गया था।

20 अक्टूबर को सामने आया मामला

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 20 अक्टूबर को सामने आया, जब ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी को मेट्रो ट्रेन की एक सीट पर दो पोस्टर चिपके हुए मिले। उन्होंने पोस्टर हटाने के बाद अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और पोस्टरों को जब्त कर लिया गया।

पोस्टरों पर लिखे थे कई संदेश

पुलिस के अनुसार, पोस्टरों में देश में हाल के वर्षों में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे किए गए थे। इनमें ‘वोटिंग प्रोटेस्ट’ और ‘असंतुष्ट हैं? आप अकेले नहीं हैं’ जैसे संदेश शामिल थे। पोस्टरों पर मौजूद QR कोड के जरिए लोगों को एक ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने के लिए कहा गया था।

जांच में जुटी पुलिस और स्पेशल सेल

पोस्टर किसने लगाए और इसके पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। मामले की जांच में स्पेशल सेल को भी शामिल किया गया है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर पोस्टरों से जुड़े तथ्यों और QR कोड की पड़ताल की जा रही है।