×

दिल्ली में शराब बिक्री के खातों की जांच, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- गड़बड़ी पर होगी कड़ी कार्रवाई

 

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शराब की बिक्री से जुड़े सरकारी उपक्रमों के पिछले 5 वर्षों के वित्तीय रिकॉर्ड का क्रॉस-वेरिफिकेशन कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।

सीएमओ दिल्ली की आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से रविवार को जारी एक पोस्ट में बताया गया कि हाल ही में कुछ स्थानों पर लंबे समय तक खातों का समुचित मिलान नहीं होने की जानकारी सामने आई है, जिससे गड़बड़ी और सरकारी खजाने को संभावित नुकसान की स्थिति बन गई थी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि अब सभी खातों की सख्त निगरानी की जाएगी। प्रत्येक रिकॉर्ड का व्यवस्थित मिलान किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया में वेरिफिकेशन एवं वैलिडेशन सुनिश्चित किया जाएगा। सीएम ने साफ निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता, गड़बड़ी या राजस्व को नुकसान पहुंचाने के तथ्य सामने आते हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आबकारी विभाग और सभी संबंधित संस्थाओं को निर्देश दिया है कि वे इस पूरी प्रक्रिया की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें और आदेश जारी होने की तिथि से दो महीने के भीतर वित्त विभाग को अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।

दिल्ली सरकार का यह कदम शराब नीति से जुड़े सरकारी उपक्रमों में पारदर्शिता लाने और सरकारी राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है। हाल के वर्षों में शराब कारोबार से जुड़े कई मामलों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिसके चलते मुख्यमंत्री ने अब सख्त रुख अपनाया है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस क्रॉस-वेरिफिकेशन प्रक्रिया में पिछले पांच वर्षों के सभी वित्तीय लेन-देन, खातों का मिलान, राजस्व संग्रह और खर्च के रिकॉर्ड की गहन जांच की जाएगी। दिल्ली सरकार का मानना है कि इस कदम से न केवल सरकारी खजाने को होने वाले संभावित नुकसान को रोका जा सकेगा, बल्कि भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों को दोहराने से भी रोका जा सकेगा।

--आईएएनएस

एससीएच