दिल्ली में कई सरकारी कार्यालयों को निशाना बनाना चाहता था आतंकी मॉड्यूल, पुलिस ने की साजिश नाकाम
नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने राजधानी के कई अहम ठिकानों को निशाना बनाने वाले एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है। आईएसआई और अंडरवर्ल्ड से जुड़े इस कथित आतंकी मॉड्यूल ने 29 और 30 मई की रात को दिल्ली में एक साथ कई हमले करने की योजना बनाई थी।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर इस साजिश को अंजाम देने के आखिरी चरण में थे। सूत्रों का यह भी कहना कि आरोपियों को हमले से पहले छतरपुर इलाके में ही रुकने का निर्देश दिया गया था।
सूत्रों के अनुसार, इस मॉड्यूल ने जिन जगहों को कथित तौर पर हमले के लिए चुना था, उनमें सरकारी दफ्तर और सुरक्षा से जुड़े कई कार्यालय शामिल थे। जांचकर्ताओं का मानना है कि अगर ये हमले हो जाते, तो इससे भारी नुकसान हो सकता था और सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती थी।
जांच में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई, मुंबई के अंडरवर्ल्ड से जुड़े गुर्गों और स्थानीय लोगों के बीच संबंधों का खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार इस नेटवर्क को काफी लंबे समय से तैयार किया जा रहा था और इसे पाकिस्तान में बैठे आकाओं द्वारा निर्देशित किया जा रहा था, जिसमें अंडरवर्ल्ड से जुड़े गुर्गों का भी सहयोग मिल रहा था।
इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों से हथियार, विस्फोटक, हथगोले, एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। जांचकर्ता नेपाल मूल के गुर्गों की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या अंडरवर्ल्ड से जुड़े कुछ लोगों ने इस मॉड्यूल को साजो-सामान, रहने की जगह और आपसी तालमेल में मदद की थी।
इस कथित साजिश में शामिल अन्य गुर्गों और फंडिंग के स्रोतों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी