×

दिल्ली में इमारत गिरी: मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी ने घटना पर जताया दुख

 

नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में गिरी कई मंजिला इमारत से तीन व्यक्तियों की मौत हो गई और नौ लोगों को अब तक बचाया जा चुका है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस घटना पर दुख जताया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत का गिरना एक बेहद दुखद और ऐसी घटना है जिसे रोका जा सकता था। मलबे में डीयू के छात्रों के फंसे होने की खबरें बहुत चिंताजनक हैं।

उन्होंने कहा कि फंसे हुए लोगों को बचाने और घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश की जानी चाहिए। एनएसयूआई के कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता पहले से ही मौके पर मौजूद हैं और छात्रों, पीड़ितों और उनके परिवारों की हर तरह से मदद कर रहे हैं। इस मुश्किल घड़ी में हम मजबूती से उनके साथ खड़े हैं।

खड़गे ने कहा कि यह घटना उन असुरक्षित और भीड़-भाड़ वाले पीजी (पेइंग गेस्ट) आवासों की सच्चाई भी सामने लाती है, जिनमें हॉस्टल की सुविधाओं की कमी के कारण छात्र रहने को मजबूर हैं। छात्र अपना भविष्य बनाने के लिए दिल्ली आते हैं, न कि सिर पर छत पाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने। हर छात्र की जान कीमती है।

वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय, साउथ कैंपस के पास बिल्डिंग ढहने समाचार झकझोरने वाला है। बड़ी संख्या में लोग मलबे में फंसे हैं जिनमें कई छात्र भी हैं। सभी की कुशलता की कामना करती हूं। ईश्वर सबको सुरक्षित रखें। प्रशासन से अपील करती हूं कि राहत एवं बचाव कार्य तेज किया जाए ताकि हर पीड़ित तक समय से मदद पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि एनएसयूआई और कांग्रेस के साथी मौके पर यथासंभव मदद कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।

--आईएएनएस

एमएस/