दिल्ली में गैंगवार की साजिश नाकाम, स्पेशल सेल ने दो बदमाशों को हथियारों समेत दबोचा
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक गैंग का भंडाफोड़ करते हुए दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अत्याधुनिक .32 बोर पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर एक संभावित हत्या की वारदात को टाल दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल शर्मा उर्फ पचपच (31) और गौतम उर्फ बौंसर (30) के रूप में हुई है। दोनों प्रेम नगर थाना क्षेत्र के घोषित बदमाश (बैड कैरेक्टर) हैं और हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामलों में पहले से शामिल रहे हैं।
स्पेशल सेल की उत्तरी रेंज को सूचना मिली थी कि राहुल शर्मा अपने साथी गौतम के साथ रोहतक से दिल्ली के रानी खेड़ा इलाके में आने वाला है। दोनों अपने प्रतिद्वंद्वी अमित मान गिरोह के खिलाफ वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर समिंदर सिंह गिल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। 20 अक्टूबर 2026 की शाम रानी खेड़ा बस डिपो के पास जाल बिछाया गया। इसी दौरान काले रंग की कार को रोककर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी राहुल शर्मा के नेतृत्व वाले गैंग से जुड़े हैं और अपने प्रतिद्वंद्वी अमित मान और उसके साथियों पर हमला करने के उद्देश्य से दिल्ली आ रहे थे। स्पेशल सेल के अनुसार, आरोपी अवैध हथियारों के दम पर इलाके में दबदबा बनाने और विरोधी गैंगों को डराने-धमकाने का काम करते थे।
पुलिस के मुताबिक, राहुल शर्मा उर्फ पचपच प्रेम नगर का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, जुआ, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे 22 मार्च 2026 को रोहिणी जिला प्रशासन द्वारा एक साल के लिए दिल्ली से तड़ीपार किया गया था। इसके बावजूद वह दिल्ली में मौजूद पाया गया।
वहीं, गौतम उर्फ बौंसर के खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह प्रेम नगर का निवासी है और इलाके में एक चाइनीज फूड की दुकान भी चलाता है। स्पेशल सेल ने आरोपियों के पास से 2 इटली निर्मित .32 बोर पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस महिंद्रा एक्सयूवी300 कार और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी गैंग बनाकर अवैध हथियारों के साथ घूमते थे और विरोधी गिरोहों पर हमले की योजना बनाते थे। इस मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस इनके अन्य साथियों तथा आपराधिक नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित गैंगवार और गंभीर अपराध को रोका जा सका।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम