×

दिल्ली में आंधी-तूफान के बाद ट्रैफिक पुलिस ने रातभर चलाया राहत अभियान

 

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। दिल्ली में 9 जून की देर शाम अचानक आए तेज धूल भरे तूफान और उसके बाद आधी रात के बाद खराब हुए मौसम ने राजधानी में जनजीवन को प्रभावित कर दिया।

तेज हवाओं के कारण शहर के कई हिस्सों में पेड़ उखड़ गए, पेड़ों की बड़ी-बड़ी शाखाएं सड़कों पर गिर गईं, कई होर्डिंग क्षतिग्रस्त हो गए और बिजली के खंभे भी गिर पड़े। इन घटनाओं के कारण कई प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित हो गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत अपना आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र सक्रिय कर दिया। ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए विभाग ने अपने सभी चार डिजास्टर मैनेजमेंट वाहनों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा। 9 और 10 जून की रात के दौरान ट्रैफिक पुलिस को पेड़ गिरने और सड़क अवरुद्ध होने से संबंधित कुल 42 कॉल प्राप्त हुईं। पुलिस ने सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए राहत कार्य शुरू किया।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पूरी रात पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) की टीमों और अन्य नागरिक एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया। विभिन्न स्थानों पर विशेष टीमों को तैनात किया गया, जिन्होंने सड़कों पर गिरे पेड़ों और टहनियों को हटाने, मलबा साफ करने और यातायात को फिर से सुचारु बनाने का कार्य किया। कई जगहों पर भारी पेड़ों को काटकर हटाना पड़ा, ताकि सड़कें जल्द से जल्द खोली जा सकें और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।

ट्रैफिक पुलिस और अन्य एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम यह रहा कि सुबह होने तक अधिकांश प्रमुख मार्गों को साफ कर दिया गया और यातायात सामान्य रूप से बहाल हो गया। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण लंबे ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं बनी और सुबह के व्यस्त समय में लोगों को अपेक्षाकृत कम परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि वह सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। पुलिस भविष्य में भी ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य करती रहेगी।

--आईएएनएस

एसएचके/डीकेपी