दिल्ली में आज से शुरू होगी 'नमो यमुना क्रूज सफारी', कपिल मिश्रा बोले- 'भविष्य में शामिल करेंगे और भी नावें'
नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में यमुना नदी के अंदर मंगलवार से 'नमो यमुना क्रूज सफारी' सेवा शुरू होने जा रही है। इस अवसर पर दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने 'नमो यमुना क्रूज सफारी' की खासियत और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी है।
'नमो यमुना क्रूज सफारी' की शुरुआत पर मंत्री कपिल मिश्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "'नमो यमुना रिवर सफारी' के लिए नाव तैयार है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल आज इसका उद्घाटन करेंगे। यह केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और डीडीए की एक संयुक्त परियोजना है।"
कपिल मिश्रा ने आगे कहा, "यहां हर शाम एक म्यूजिकल फाउंटेन शो होगा, जिसमें भगवान कृष्ण और मां यमुना की गाथाओं का लोग आनंद उठा सकते हैं। नदी के किनारे एक मनोरंजन क्षेत्र भी विकसित किया गया है।"
उन्होंने कहा, "इस परियोजना की खास बात यह है कि यह एनजीटी के नियमों का पालन करती है। यह नाव इलेक्ट्रिक से चलती है और भविष्य में हम इसमें और भी नावें शामिल करने की योजना बना रहे हैं।"
मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि यहां 5 किलोमीटर लंबा रिवरफ्रंट भी विकसित किया जाएगा। इस नाव में लगभग 40 यात्रियों के बैठने की क्षमता है और आने वाले दिनों में इसमें और भी नावें जोड़ी जाएंगी।
बता दें कि केंद्रीय पोर्ट, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल मंगलवार को दिल्ली में उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में 'नमो यमुना क्रूज सफारी' का शुभारंभ करेंगे।
दिल्ली सरकार का मानना है कि सोनिया विहार से जगतपुर तक 6 किलोमीटर के रूट पर चलने वाली यह क्रूज सफारी दिल्लीवासियों को एक नया अनुभव देगी। इस पहल से दिल्ली में रिवर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "यमुना रिवर क्रूज दिल्ली को एक बिल्कुल नया अनुभव देने के लिए पूरी तरह तैयार है। आज केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ मिलकर, हम 'यमुना रिवर क्रूज सेवा' की शुरुआत कर रहे हैं। यह कदम मां यमुना को लोगों के और करीब लाने, मनोरंजन के नए अवसर पैदा करने और दिल्ली के रिवरफ्रंट को एक नई पहचान देने की दिशा में उठाया गया है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/